GAIL का फर्टिलाइजर प्लांट बदलेगा राजनांदगांव का औद्योगिक परिदृश्य

साय-रमन की मुलाकात में औद्योगिक निवेश पर मंथन; फर्टिलाइजर प्लांट से सहायक उद्योगों और स्थानीय कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद

GAIL का फर्टिलाइजर प्लांट बदलेगा राजनांदगांव का औद्योगिक परिदृश्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बड़े औद्योगिक निवेश को जमीन पर उतारने की कवायद के बीच राजनांदगांव में प्रस्तावित GAIL के गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट को लेकर सरकार की उम्मीदें बढ़ी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात में इस परियोजना को क्षेत्र के औद्योगिक विस्तार के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने वाला कदम बताया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के रायपुर स्थित निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच राजनांदगांव के प्रस्तावित फर्टिलाइजर प्लांट के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 और प्रदेश के औद्योगिक विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

एक परियोजना, कई क्षेत्रों में असर

मुख्यमंत्री ने कहा कि GAIL का प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट राजनांदगांव के औद्योगिक विकास के लिए अहम साबित हो सकता है। प्लांट के साथ कई तरह की सहायक गतिविधियां विकसित होने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

परियोजना आगे बढ़ने पर परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सप्लाई, रखरखाव और विभिन्न सेवाओं से जुड़े कारोबारों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। इसका असर राजनांदगांव के साथ आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ सकता है।

इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में नई पहचान बनाने की तैयारी

बैठक में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश में निवेश का अनुकूल माहौल तैयार कर रही है।

सरकार की मंशा छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के क्षेत्र में उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की है। इसके लिए नए उद्योगों और निवेश की संभावनाओं को बढ़ाया जा रहा है।

स्थानीय युवाओं को मिले निवेश का सीधा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश में बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट और निवेश के लिए नई संभावनाएं तैयार हुई हैं। सरकार का लक्ष्य है कि यहां आने वाला निवेश स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि का आधार बने। राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी सोच का हिस्सा है।