अंबानी-अडाणी की दौलत घटी, फिर भी देश के सबसे अमीरों की सूची में दबदबा कायम
दोनों की संपत्ति में 1.41 लाख करोड़ रुपए की कमी, 56 अरबपतियों की बढ़ी दौलत; 13 नए कारोबारी टॉप-100 में पहुंचे
मुंबई (ए)। देश के बड़े उद्योगपतियों की संपत्ति में इस साल उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। फॉर्च्यून इंडिया की टॉप-100 अरबपतियों की सूची के मुताबिक मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी की कुल संपत्ति में एक साल के दौरान 1.41 लाख करोड़ रुपए की कमी आई है। इसके बावजूद दोनों उद्योगपति देश के सबसे अमीर लोगों की सूची में पहले और दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार टॉप-100 में शामिल 30 उद्योगपतियों की संपत्ति में कुल 4.26 लाख करोड़ रुपए की गिरावट दर्ज की गई। इसमें सबसे बड़ी कमी मुकेश अंबानी की संपत्ति में आई, जो करीब 82 हजार करोड़ रुपए कम हुई। वहीं गौतम अडाणी की संपत्ति में लगभग 59 हजार करोड़ रुपए की कमी दर्ज की गई।
इसके उलट सूची में शामिल 56 उद्योगपतियों की संपत्ति में सामूहिक रूप से 7.70 लाख करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई। 31 कारोबारियों की संपत्ति में गिरावट आई, जबकि 13 नए कारोबारी पहली बार देश के शीर्ष 100 अमीरों की सूची में जगह बनाने में सफल रहे।
सावित्री जिंदल की संपत्ति में सबसे बड़ा उछाल
सूची में संपत्ति बढ़ने के मामले में सावित्री जिंदल सबसे आगे रहीं। उनकी संपत्ति में करीब 1 लाख करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रतिशत के लिहाज से श्याम भारती और हरि भारती की संपत्ति में सबसे अधिक 78 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
रुंगटा परिवार की सूची में एंट्री
माइनिंग कारोबार से जुड़े नंदलाल रुंगटा और मुकुंद रुंगटा ने पहली बार टॉप-100 में जगह बनाई है। दोनों 61वें स्थान पर हैं। उनकी एंट्री के साथ इस साल की सूची में नए उद्योगपतियों की मौजूदगी भी बढ़ी है।
suntimes 