आंधी से दीवार गिरी, युवक की मौत....रायपुर-बस्तर संभाग में आज बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री के बावजूद मौसम की उठा-पटक जारी है। बस्तर में जहां बारिश के बाद एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ गई है। वहीं रायपुर में मानसून की दस्तक के बाद भी अभी गरम हवाएं चल रही हैं। हालांकि आज (रविवार) सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं। पिछले 2 दिन के मुकाबले आज मौसम थोड़ा ठंडा रहेगा।
बस्तर और रायपुर में शाम-रात में तेज अंधड़ चलने और गरज- चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 17 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी। वहीं जांजगीर-चांपा में आंधी के चलते मकान की दीवार गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर, गरियाबंद, धमतरी ,महासमुंद, दुर्ग बालोद, कबीरधाम, रायगढ़, जांजगीर, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर] नारायणपुर में हल्की बारिश के आसार हैं। जबकि सरगुजा संभाग के जिलों में एक-दो पॉकेट में हीटवेव चलने की संभावना है।
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में तेज आंधी तूफान आने से एक मकान की दीवार गिर गई। इसके नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई। जानकारी अनुसार, ग्राम झेरिया निवासी शरद सिंह के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार देर शाम तेज आंधी तूफान आने से एक तरफ का दीवार गिर गई। इसमें मजदूर शत्रुघ्न सिंह (42) नीचे दब गया। वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों ने देखा तो मलबा हटाया। फिर शत्रुघ्न को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव मॉर्चुरी में रखवा दिया था। रविवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
रायपुर में मानसून नहीं पहुंचा है, लेकिन अगले एक-दो दिन में प्री-मानसून शॉवर शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही मानसून की भी दस्तक होगी। मौसम विज्ञानी के अनुसार, रविवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी। फिलहाल मानसून में देरी के कारण राजधानी में गर्मी बढ़ गई है। शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री पर पहुंच गया है। यह सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक है। रात में भी गर्मी महसूस हो रही है। न्यूनतम तापमान भी 27.8 डिग्री रहा। यह भी 2.8 डिग्री ज्यादा है। वातावरण में हल्की नमी भी बनी हुई है। तेज धूप और नमी के कारण उमस महसूस होने लगी है।