राजिम में दत्तात्रेय जयंती पर प्रदेश स्तरीय गोस्वामी सम्मेलन आज, बड़ी संख्या में जुटेंगे समाजजन
भगवान दत्तात्रेय मंदिर परिसर में भव्य शोभायात्रा, व्याख्यान, सम्मान समारोह व परिचय सम्मेलन आकर्षण का केंद्र
राजिम। ऐतिहासिक धर्मनगरी भगवान राजीव लोचन की पावन धरती राजिम में अगहन पूर्णिमा के पावन अवसर पर 4 दिसंबर को प्रदेश स्तरीय गोस्वामी सम्मेलन के साथ भव्य दत्तात्रेय प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा। प्रांतभर से बड़ी संख्या में समाजजन के पहुंचने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
राजिम। भगवान राजीव लोचन की ऐतिहासिक धर्मनगरी राजिम स्थित भगवान दत्तात्रेय मंदिर परिसर में अगहन पूर्णिमा के अवसर पर 4 दिसंबर को गोस्वामी समाज द्वारा प्रदेश स्तरीय भव्य दत्तात्रेय प्राकट्य उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे मंत्रोच्चार के बीच भगवान दत्तात्रेय की पूजा-अर्चना के साथ होगी, जिसके बाद सुबह 10.30 बजे आकर्षक और भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू शामिल होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद चंदूलाल साहू अतिविशिष्ट अतिथि रहेंगे। विशेष अतिथियों में नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, जिला पंचायत सदस्य इन्द्रजीत महाड़िक, उपाध्यक्ष नगर पंचायत पूर्णिमा चन्द्राकर, सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू, राजिम भक्तिन माता अध्यक्ष लालाराम साहू, महामंत्री चन्द्रशेखर साहू एवं अंतर्राष्ट्रीय कवि नूतन लाल साहू शामिल होंगे। समाज के प्रेरणास्रोत श्रद्धेय महंतगण, संस्थापकद्वय रमन गिरि व ओंकार पुरी तथा संरक्षक उमेश भारती गोस्वामी एवं अशोक गिरि भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के प्रांताध्यक्ष काशीपुरी कुंदन करेंगे। मंचीय कार्यक्रम में भगवान दत्तात्रेय दर्शन पर आधारित व्याख्यान, समाज की प्रतिभाओं व वरिष्ठजनों का सम्मान, विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन तथा सनातन संस्कृति पर आधारित सामान्य ज्ञान क्विज जैसे विविध आयोजन होंगे।
गरियाबंद जिले को कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसके लिए विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं मातृशक्ति प्रकोष्ठ की टीमें तैयारी में जुटी हुई हैं। प्रांतीय महासचिव उमेश गिरी, कोषाध्यक्ष प्रशांत गिरि, जिला प्रभारी एवं संगठन सचिव पोखराज बन, संयोजक रामकुमार पुरी सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं।
दुर्ग जिलाध्यक्ष धनराज पुरी, सचिव उमेश गिरी, कोषाध्यक्ष मनोहर गिरी तथा मातृशक्ति प्रकोष्ठ की अनुपमा गोस्वामी के नेतृत्व में जिले से बड़ी संख्या में समाजजन शुभ्र-भगवा वेशभूषा में सम्मेलन में शामिल होंगे।
जिला प्रवक्ता भारद्वाज गिरी ने उक्त जानकारी दी।
suntimes 