उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे का शिकार हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, ट्रक से टकराई कार
कमर और पैर में चोट, झांसी मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम के दर्शन कर लौटते समय उनकी कार झांसी-ललितपुर मार्ग पर ट्रक से टकरा गई। हादसे में उन्हें कमर और पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे में घायल हो गए। दुर्घटना झांसी और ललितपुर के बीच उस समय हुई, जब वे बागेश्वर धाम से परिवार के साथ लौट रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में किरण सिंह देव को कमर, पैर तथा शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
दुर्घटना के समय वाहन में उनके साथ निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) भी मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
परिजनों और करीबी सहयोगियों के अनुसार किरण सिंह देव की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं। चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटना की जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
suntimes 