कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी पहुंची स्वामी आत्मानंद जनता इंगलिश मेडियम स्कूल भिलाई -3, अधोसंरचना और आकादमिक गतिविधियों का किया अवलोकन

कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी पहुंची स्वामी आत्मानंद जनता इंगलिश मेडियम स्कूल भिलाई -3, अधोसंरचना और आकादमिक गतिविधियों का किया अवलोकन

दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज जिले के विभिन्न विकास कार्यो एवं गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुर्सीपार स्थित दुर्गा मंदिर बालवाड़ी और प्राथमिक शाला, स्वामी आत्मानंद जनता स्कूल भिलाई-3, कृषि विज्ञान केन्द्र पांहदा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झीट पाटन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

कलेक्टर ने खुर्सीपार स्थित शासकीय प्राथमिक शाला दुर्गा मंदिर में बालवाड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेषतौर पर बच्चों को पढ़ाई के अलावा अन्य रचनात्मक गतिविधियों के बारे में प्रशिक्षण दिये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि “भवन ही सीखने का साधन है।” बालवाड़ी के भवन में चित्रों और रोचक सजावट के जरिए छोटे बच्चों को किसी भी विषय में सरलता से सिखाया जा सकता है।

संबंधित अधिकारियों ने कलेक्टर को बताया कि आह्वान संस्थान द्वारा समय-समय पर शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी बालवाड़ी व स्कूल के शिक्षकों को दी जा रही है। रचनात्मक गतिविधियों के द्वारा पाठ्यक्रम को और रोचक बनाया जा सकता है जिससे बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ कौशल उन्नयन की ओर बढ़े। इसके अलावा उन्होंने बच्चों को खेलकूद में आगे बढ़ाने हेतु प्रोत्साहित करने कहा।

कलेक्टर ने भिलाई-3 पहुंचकर स्वामी आत्मानंद जनता इंगलिश मिडियम स्कूल भी देखा। उन्होंने प्राचार्य से स्कूल में चल रही विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिसर में बन रहे निर्माणाधीन ऑडिटोरियम भी देखा। उन्होंने परिसर में लैंड स्कैपिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा ऑडिटोरियम के लिए पृथक प्रवेश द्वार बनाने के लिए कहा। ऑडिटोरियम के पृथक द्वार होने से स्कूल की गतिविधियों पर इसका प्रभाव नही पड़ेगा। साथ ही उन्होंने वॉश बेसिन और अन्य आवश्यक जगहों पर सोकपीट बनाने कहा।

कलेक्टर ने सिरसा गेट चौराहे का भी अवलोकन किया। सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। इसके अलावा सड़क के बीच डिवाइडर बनाने व पौधा रोपण किये जाने के निर्देश दिये। चौराहे पर स्थित सिरसा गेट का सौन्दर्यीकरण किया जाना सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान भिलाई चरोदा निगम महापौर निर्मल कोसरे, आयुक्त अजय त्रिपाठी, पार्षद तुलसी ध्रुव, रामखिलावन वर्मा, चंद्र प्रकाश पांडेय, सांसद प्रतिनिधि विपीन चंद्राकर मौजूद रहे।