छत्तीसगढ़ में आईपीएस अधिकारियों का बड़ा फेरबदल — 7 जिलों के एसपी बदले, देखें नई जिम्मेदारियां
गृह विभाग ने जारी किया तबादला आदेश, राजनांदगांव, सक्ती और मनेन्द्रगढ़ समेत कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार देर शाम राज्य पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक reshuffle किया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में 7 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को मुख्यालय में पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन ने आईपीएस अधिकारियों के व्यापक तबादले का आदेश जारी किया है। कुल सात अधिकारियों को नई पदस्थापना दी गई है, जिनमें कई जिलों के पुलिस अधीक्षक भी शामिल हैं।
जारी सूची के अनुसार —
मोहित गर्ग (भापुसे 2013) को पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव से स्थानांतरित करते हुए सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर नियुक्त किया गया है।
चन्द्रमोहन सिंह (भापुसे 2014) अब निदेशक, ट्रेनिंग/ऑपरेशन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएँ, नगर सेना एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय, रायपुर होंगे। वे पहले पुलिस अधीक्षक, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के पद पर थे।
अंकिता शर्मा (भापुसे 2018) को पुलिस अधीक्षक, सक्ती से स्थानांतरित कर राजनांदगांव की कमान सौंपी गई है।
यदुवली अक्षय कुमार (भापुसे 2018) को पुलिस अधीक्षक, कोण्डागांव से हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर बनाया गया है।
रतना सिंह (भापुसे 2019) अब पुलिस अधीक्षक, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर होंगी। वे इससे पहले सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के पद पर थीं।
प्रफुल्ल ठाकुर (भापुसे 2015) को सेनानी, 4वीं वाहिनी, छसबल माना रायपुर से हटाकर पुलिस अधीक्षक, सक्ती के रूप में नियुक्त किया गया है।
वहीं पंकज चन्द्रा (भापुसे) को सेनानी, 13वीं वाहिनी, सशस्त्र बल, बांगो कोरबा से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, कोण्डागांव बनाया गया है।
इस फेरबदल को राज्य में पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। नई पदस्थापना पाने वाले अधिकारियों को शीघ्र ही कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
suntimes 