ब्रेकिंग : शराब घोटाले में चैतन्य बघेल पर 1000 करोड़ के कैश रैकेट का आरोप: ED को मिला 16.70 करोड़ की डील का सुराग
ED ने कहा— ब्लैक मनी को रियल एस्टेट में किया इन्वेस्ट, 100 करोड़ नकद कथित तांत्रिक को दिए; कांग्रेस ने कार्रवाई के विरोध में बुलाई आपात बैठक
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पर मनी लॉन्ड्रिंग के तहत बड़ा दावा किया है। ED के मुताबिक चैतन्य को शराब घोटाले से 16.70 करोड़ रुपये मिले, जिसे फर्जी निवेश के जरिए वैध दिखाया गया। जांच एजेंसी का आरोप है कि चैतन्य ने सिंडिकेट के साथ मिलकर 1000 करोड़ रुपये की कैश हैंडलिंग की और 100 करोड़ कथित तौर पर एक तांत्रिक को नकद दिए गए। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने राज्यव्यापी प्रदर्शन की घोषणा की है।
रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पर बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी ने शुक्रवार को चैतन्य को भिलाई से गिरफ्तार कर रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया, जहाँ उन्हें 22 जुलाई तक 5 दिन की रिमांड पर भेजा गया।
ED की रिमांड एप्लीकेशन में आरोप है कि शराब घोटाले से चैतन्य को 16.70 करोड़ रुपए नकद मिले, जिसे रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और फर्जी लेन-देन के जरिए वैध दिखाने की कोशिश की गई। साथ ही, चैतन्य और अन्य कारोबारियों ने मिलकर 1000 करोड़ रुपए की ब्लैक मनी को हैंडल किया।
तांत्रिक को दिए गए 100 करोड़ नकद:
ED के अनुसार, चैतन्य ने कथित रूप से 100 करोड़ रुपए नकद तांत्रिक केके श्रीवास्तव को दिलवाए। यह रकम अनवर ढेबर द्वारा दीपेन चावड़ा को पहुंचाई गई, जो बाद में राम गोपाल अग्रवाल को मिली। पूरा नेटवर्क चैतन्य बघेल के संपर्क में बताया गया है।
फर्जी लोन और जमीन की डील का खेल:
जांच में यह भी सामने आया कि भिलाई के एक ज्वेलर ने चैतन्य की दो कंपनियों को 5 करोड़ रुपये उधार दिए। बाद में इसी ज्वेलर ने उन कंपनियों से 6 प्लॉट 80 लाख में खरीदे। ED का कहना है कि ये ट्रांजैक्शन दिखाने मात्र के लिए किए गए, ताकि कैश को बैंकिंग सिस्टम के जरिए वैध बनाया जा सके।
कांग्रेस का पलटवार और प्रदर्शन की तैयारी:
इस कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। राजीव भवन में पार्टी की आपात बैठक बुलाई गई है, जिसमें PCC चीफ दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे। कांग्रेस ने कहा है कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की गई है। राज्यभर में पुतला दहन और प्रदर्शन की योजना तैयार की गई है।
suntimes 