छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार
अगले पांच दिन गरज-चमक और 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, मानसून की गतिविधियां होंगी तेज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं, जिसके प्रभाव से आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है। हालांकि अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं देखा गया। रायपुर के माना स्थित मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की अपील की गई है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून की गति और मजबूत हो सकती है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में तेजी देखने को मिलेगी और गर्मी से राहत मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
suntimes 