खरीफ सीजन में तेज हुई रफ्तार, छत्तीसगढ़ में 94% बोनी पूरी

मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद-बीज आपूर्ति व्यवस्था पर सख्त निगरानी; 11.23 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.55 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज किसानों तक पहुंचे

खरीफ सीजन में तेज हुई रफ्तार, छत्तीसगढ़ में 94% बोनी पूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन के दौरान खेती-किसानी का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में अब तक 45.62 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 94 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न की जाए।

कृषि विभाग के अनुसार चालू खरीफ सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सहकारी समितियों में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जा रहा है और पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में विभागीय अधिकारी जिलों में स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।

किसानों तक पहुंचा 11.23 लाख मीट्रिक टन उर्वरक

प्रदेश में इस खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया था। इसके मुकाबले 15.83 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। अब तक किसानों को 11.23 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया जा चुका है, जो लक्ष्य का लगभग 71 प्रतिशत है।

बीज वितरण में 92 प्रतिशत लक्ष्य हासिल

बीज निगम ने खरीफ 2026 के लिए 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया और अब तक 4.55 लाख क्विंटल बीज किसानों को वितरित किया जा चुका है। यह मांग के अनुरूप लगभग 92 प्रतिशत वितरण है।

धान सहित विविध फसलों की बोनी में बढ़त

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मानसून की सक्रियता के साथ प्रदेश में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी लगातार बढ़ रही है। राज्य में अब तक 45.62 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो लक्ष्य के करीब पहुंच चुकी है।

औसत वर्षा 658.1 मिमी दर्ज

11 अगस्त तक प्रदेश में औसत 658.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में दर्ज वर्षा पिछले दस वर्षों की औसत वर्षा के लगभग बराबर है।

किसानों को 7,487 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण

राज्य सरकार किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध करा रही है। 10 अगस्त तक चालू खरीफ सीजन में किसानों को 7,487.46 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 6,267.86 करोड़ रुपये था। इस वर्ष सरकार ने 8,800 करोड़ रुपये के कृषि ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है।