छत्तीसगढ़ में बदलेगा शराब बिक्री का तरीका: 1 जून से प्लास्टिक बोतलों में मिलेगी देशी शराब

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के बाद बड़ा फैसला

छत्तीसगढ़ में बदलेगा शराब बिक्री का तरीका: 1 जून से प्लास्टिक बोतलों में मिलेगी देशी शराब

*राजधानी रायपुर में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद राज्य सरकार ने देशी शराब की बिक्री व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। 1 जून 2026 से प्रदेशभर में देशी शराब प्लास्टिक बोतलों में उपलब्ध कराई जाएगी।*

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब बिक्री प्रणाली में अहम बदलाव करते हुए राज्य सरकार ने 1 जून 2026 से देशी शराब को प्लास्टिक बोतलों में बेचने का निर्णय लिया है। यह फैसला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के बाद लिया गया।

बैठक में श्रम, उद्योग और आबकारी विभाग के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की गई। यह नए वित्तीय वर्ष की पहली महत्वपूर्ण बैठक थी, जिसमें आबकारी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुचारु बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के बाद आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 मई के बाद राज्य में देशी शराब केवल प्लास्टिक बोतलों में ही उपलब्ध होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

दरअसल, आबकारी विभाग ने इस व्यवस्था को 1 अप्रैल 2026 से लागू करने की योजना बनाई थी, लेकिन कांच की बोतलों से जुड़े व्यापारियों के विरोध और प्लास्टिक बोतलों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण इसे टालना पड़ा।

बीते कुछ समय में प्लास्टिक बोतलों की कमी के चलते कई शराब दुकानों में सप्लाई प्रभावित हुई। कई स्थानों पर स्टॉक खत्म होने के कारण बिक्री भी बाधित रही और कुछ दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

अब सरकार ने स्पष्ट किया है कि जून से प्लास्टिक बोतलों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इससे न केवल वितरण प्रणाली में सुधार होगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी बिना रुकावट शराब उपलब्ध हो सकेगी।