छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, दशहरा-दीपावली और सर्दी में 15 दिन रहेगा अवकाश
तीनों पर्वों पर 5-5 दिन बंद रहेंगे स्कूल, पिछले सत्र के मुकाबले इस बार 3 दिन कम हुई छुट्टियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए स्कूलों की प्रमुख छुट्टियों का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग के निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सरकारी, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों में दशहरा, दीपावली तथा शीतकालीन अवकाश के दौरान कुल 15 दिन पढ़ाई नहीं होगी। तीनों अवसरों पर विद्यार्थियों को लगातार 5-5 दिन की छुट्टी मिलेगी।
दशहरा पर 17 से 21 अक्टूबर तक अवकाश
दशहरा पर्व के लिए 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक पांच दिन का अवकाश निर्धारित किया गया है। इस अवधि में स्कूलों में नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।
दीपावली में 6 से 10 नवंबर तक छुट्टी
दीपावली के अवसर पर 6 नवंबर से 10 नवंबर तक पांच दिन स्कूल बंद रहेंगे। त्योहार के दौरान विद्यार्थियों को लगातार पांच दिन का अवकाश मिलेगा।
साल के अंत में पांच दिन की शीतकालीन छुट्टी
शीतकालीन अवकाश 24 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक रहेगा। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में विद्यार्थियों को पांच दिन की लगातार छुट्टी मिलेगी।
पिछले सत्र में छह-छह दिन का था अवकाश
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश छह-छह दिन निर्धारित किए गए थे। दशहरा पर 29 सितंबर से 4 अक्टूबर, दीपावली पर 20 से 25 अक्टूबर और शीतकालीन अवकाश 22 से 27 दिसंबर तक स्कूल बंद रहे थे। इस तरह पिछले सत्र में इन तीनों अवसरों पर कुल 18 दिन का अवकाश था। नए सत्र में यह अवधि घटकर 15 दिन रह गई है।
suntimes 