गौहत्या विरोध में गौरक्षक का अनोखा बलिदान, उंगली काटकर जताया आक्रोश

रायपुर में आदेश सोनी का सनसनीखेज विरोध, समर्थकों ने बताया साहसिक कदम तो कईयों ने कहा खतरनाक तरीका

गौहत्या विरोध में गौरक्षक का अनोखा बलिदान, उंगली काटकर जताया आक्रोश

रायपुर, 01 सितंबर। राजधानी रायपुर में सोमवार की शाम गौहत्या के खिलाफ एक ऐसा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। गौ रक्षा से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता आदेश सोनी ने शहर की व्यस्त सड़क पर डिवाइडर पर बैठकर अपनी छोटी उंगली चपड़ से काट डाली। उनका कहना था कि जब गौहत्या करने वालों के हाथ निर्दोष पशुओं का गला काटते समय नहीं कांपते, तो गौ रक्षा के लिए बलिदान देने में हमें भी डर या दर्द क्यों होना चाहिए?

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल हस्तक्षेप कर आदेश सोनी को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस अनोखे विरोध के बाद समाज में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक वर्ग इसे ‘गौ माता के लिए असाधारण साहस’ बता रहा है, वहीं दूसरा इसे ‘आत्मघाती और अनुचित कदम’ मान रहा है।