रायपुर में आकाशीय बिजली से 10वीं के छात्र की मौत
क्रिकेट खेलते समय हादसा, रायगढ़ समेत 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; प्रदेश में मानसून का 86% कोटा पूरा
रायपुर। राजधानी में बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में सेंट जोसेफ स्कूल का कक्षा 10वीं का छात्र प्रभात साहू आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। घटना उस समय हुई, जब वह अपने साथियों के साथ स्कूल मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। अचानक बदलते मौसम और तेज गर्जना के बीच बिजली गिरी और प्रभात की मौके पर ही मौत हो गई। मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
सुबह तक रायपुर और रायगढ़ में धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। काले बादल, तेज बारिश और गरज-चमक ने पूरे माहौल को बदल दिया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 5 दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश जारी रह सकती है। कोरबा, सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर, रायगढ़, बीजापुर, दंतेवाड़ा और बस्तर में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अब तक के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में इस मानसून सीजन में 994 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसत का लगभग 86.9% है। बलरामपुर जिले में 1344.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 54% अधिक है। वहीं बेमेतरा में 472 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 49% कम है।
suntimes 