आर्टकॉम ने हेलमेटधारियों को पौधा भेंट कर किया सम्मान, पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया
वैशाली नगर गदा चौक पर हर आंगन एक पेड़ अभियान के तहत पौधा वितरण, लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कला और संस्कृति के साथ सामाजिक दायित्वों को निभाने वाली संस्था आर्टकॉम ने रविवार 31 अगस्त को वैशाली नगर स्थित गदा चौक पर विशेष आयोजन किया। हर आंगन एक पेड़ अभियान के तहत संस्था ने जहां भिलाईवासियों को पौधे वितरित किए, वहीं यातायात नियमों का पालन करने वाले एवं हेलमेट पहनने वाले लोगों को पौधा देकर सम्मानित भी किया।
भिलाई। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को जोड़ते हुए आर्टकॉम संस्था ने रविवार 31 अगस्त को वैशाली नगर के गदा चौक में अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया। हर आंगन एक पेड़ अभियान के तहत संस्था के सदस्यों ने स्थानीय लोगों को पौधे वितरित कर शपथ दिलाई कि वे इन्हें अपने आंगन, गली-मोहल्लों और घरों के आसपास रोपित कर पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करेंगे।
कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पौधा पाकर हर चेहरे पर खुशी झलक उठी। उपस्थित नागरिकों ने आर्टकॉम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वैशाली नगर क्षेत्र में बढ़ते मकड़जाल जैसे कंक्रीट के बीच हरियाली बेहद ज़रूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि कालोनियों, वार्डों, गलियों और दुकानों के सामने-बगल में अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं, ताकि पर्यावरण संतुलन कायम रहे।
विशेष पहल के तहत संस्था ने हेलमेट पहनकर चलने वाले और यातायात नियमों का पालन करने वाले राहगीरों का भी सम्मान किया। उन्हें पौधा देकर यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित यातायात और हरियाली—दोनों जीवन के लिए आवश्यक हैं।
इस मौके पर संस्था के प्रमुख संरक्षण करमजीत सिंह, अध्यक्ष गुरुनाम सिंह बिंदर, संस्थापक निशु पांडे, शारदा गुप्ता, नीलकमल सोनी, बंटी नाहर, अमिताभ भट्टाचार्य, मेघा कौर, काजल साहा, सी.पी. सिंह सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
suntimes 