ऑपरेशन अंकुश : रायपुर से दबोचा गया साइबर ठगी का मास्टरमाइंड फिरोज खान, लाखों की ठगी का था आरोपी
जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर तंत्र की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता, फरार आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
म्यूल अकाउंट और साइबर ठगी के मामलों में फरार चल रहा फिरोज खान आखिरकार जशपुर पुलिस की गिरफ्त में आ गया। थाना पत्थलगांव क्षेत्र से जुड़े इस प्रकरण में आरोपी ने एक व्यवसायी महिला को झांसा देकर उसके खाते और मोबाइल सिम का दुरुपयोग करते हुए लाखों रुपए की हेराफेरी की थी। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने रायपुर से ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
जशपुर। जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर ठगी और म्यूल अकाउंट संचालन में शामिल फरार आरोपी फिरोज खान (40 वर्ष), निवासी रामपुर, थाना करतला, जिला कोरबा को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने पत्थलगांव क्षेत्र की एक व्यवसायी महिला को झांसा देकर उसके बैंक खाते और उससे लिंक मोबाइल सिम को अपने कब्जे में ले लिया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने उक्त खाते का दुरुपयोग करते हुए न सिर्फ उस महिला के करीब 2 लाख 91 हजार रुपए निकाल लिए, बल्कि देशभर के विभिन्न लोगों से की गई करीब 40 लाख रुपए की ठगी की रकम का भी लेन-देन उसी खाते से किया।
मामले में थाना पत्थलगांव में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2)(4), 318(4), 61(2)(a) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और मुखबिर तंत्र के साथ-साथ तकनीकी टीम की मदद भी ली गई। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी रायपुर में छिपा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने रायपुर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक मिथलेश यादव, आरक्षक कमलेश्वर वर्मा और तुलसी रात्रे की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस लगातार म्यूल अकाउंट और साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। आरोपी फिरोज खान से पूछताछ में कुछ और नामों का खुलासा हुआ है और आने वाले दिनों में ठगी की इस कड़ी से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 