अनंत चतुर्दशी पर ही करें गणेश विसर्जन : विधायक रिकेश सेन की समितियों से अपील

छोटी प्रतिमाएं नगर निगम द्वारा बनाए गए कुंडों में करें विसर्जित, पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिए निर्देश

अनंत चतुर्दशी पर ही करें गणेश विसर्जन : विधायक रिकेश सेन की समितियों से अपील

अनंत चतुर्दशी (6 सितंबर) को गणेश विसर्जन को लेकर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने क्षेत्र की पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से खास अपील की है। उन्होंने कहा कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन उसी दिन नियमानुसार करें और छोटी मूर्तियों को अस्थायी कुंडों में विसर्जित करें, ताकि जल प्रदूषण से बचाव हो और धार्मिक आस्था भी पूर्ण श्रद्धा के साथ निभाई जा सके।

भिलाईनगर। अनंत चतुर्दशी का पर्व न केवल भगवान गणेश की विदाई का दिन होता है बल्कि जैन समाज के पर्यूषण पर्व का भी समापन होता है। इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 6 सितंबर को ही करें और शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करें।

विधायक सेन ने कहा कि गणपति विसर्जन एक भावनात्मक क्षण होता है, जिसमें भक्त भगवान को विदाई देकर अगले वर्ष पुनः आगमन का आमंत्रण देते हैं। लेकिन इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित विसर्जन से न केवल तालाबों और नदियों का जल प्रदूषित होता है, बल्कि जलीय जीव-जंतुओं पर भी संकट मंडराने लगता है।

उन्होंने बताया कि विसर्जन प्रक्रिया को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसी कड़ी में नगर निगम भिलाई ने विसर्जन स्थलों पर अस्थायी कुंड, सुरक्षा व्यवस्था और अपशिष्ट सामग्री एकत्र करने की व्यवस्था की है। पूजा सामग्री जैसे फूल, वस्त्र, प्लास्टिक और कागज को मूर्ति विसर्जन से पहले अलग कर सुरक्षित निपटान करने की अपील भी उन्होंने की।

विधायक सेन ने विशेष तौर पर कहा कि घरों में विराजमान छोटी प्रतिमाओं को सीधे नदी या तालाब में न ले जाकर नगर निगम द्वारा तैयार किए गए अस्थायी कुंडों में विसर्जित करें। इससे न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहेगा बल्कि आने वाले वर्षों में आयोजनों के लिए प्रशासनिक अनुमति में भी आसानी बनी रहेगी।