जेठा में जुटेगा विकास का बड़ा मंच, शिवराज करेंगे योजनाओं का शुभारंभ

39 परियोजनाओं पर लगेगी मुहर, 122 करोड़ से ज्यादा के कामों का लोकार्पण-भूमिपूजन; ग्रामीण आवास के साथ एआई तकनीक को भी मिलेगा बढ़ावा

जेठा में जुटेगा विकास का बड़ा मंच, शिवराज करेंगे योजनाओं का शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से 11 सितंबर को सक्ती जिले में बड़ा आयोजन होने जा रहा है। ग्राम जेठा के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे। इस दौरान करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की शुरुआत के साथ हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए आवास और आजीविका से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

आयोजन में 122 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली 39 परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रस्तावित है। इन कार्यों से ग्रामीण इलाकों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।

2 लाख घरों में गूंजेगी गृह प्रवेश की खुशी

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत प्रदेश में तैयार किए गए 2 लाख आवासों के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया जाएगा। कार्यक्रम में आवास हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ भी प्रदान की जाएगी। सरकार की ओर से इसे ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

एआई से होगी मकानों की निगरानी

ग्रामीण आवास योजना में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाते हुए एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली शुरू की जाएगी। इससे निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुके आवासों की निगरानी तथा सत्यापन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर

कार्यक्रम में ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी नवाचार से जुड़ी पहलों को भी प्रमुखता दी जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अलावा ‘विकसित भारत-जी राम जी’ और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और अभियानों की शुरुआत की जाएगी।

मंत्री, सांसद और विधायक होंगे शामिल

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। सक्ती में होने वाले इस आयोजन को ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।