दुर्ग अधिवक्ता संघ चुनाव आज: 17 पदों के लिए 64 उम्मीदवार मैदान में

परिचय पत्र अनिवार्य, दो रंग के मतपत्र से होगा मतदान; अधिक चयन करने पर वोट होगा निरस्त

दुर्ग अधिवक्ता संघ चुनाव आज: 17 पदों के लिए 64 उम्मीदवार मैदान में

दुर्ग। जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग के चुनाव 2026 के लिए मतदान शनिवार, 4 अप्रैल को निर्धारित समय पर कराया जाएगा। मतदान सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक अधिवक्ता कक्ष क्रमांक 04 के पीछे स्थित मैदान में होगा। चुनाव को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं और मतदान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

मतदान के दौरान अधिवक्ताओं के लिए अपना परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है। बिना परिचय पत्र के किसी भी मतदाता को मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही “वन बार वन वोट” नियम के तहत मतदाताओं को घोषणा पत्र भी भरना होगा, जिसमें यह प्रमाणित करना होगा कि वे किसी अन्य अधिवक्ता संघ में पंजीकृत नहीं हैं। एआईबी परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके अधिवक्ताओं को अपना प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।

इस चुनाव में कुल 17 पदों के लिए 64 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रमुख पदों में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष (महिला), सचिव, सहसचिव, सहसचिव (महिला), कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव तथा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव (सामान्य व महिला) शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक पद के लिए एक-एक प्रत्याशी का चयन करना होगा।

इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य (सामान्य) के 5 पदों के लिए 18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें से मतदाताओं को केवल 5 का चयन करना होगा। वहीं कार्यकारिणी सदस्य (महिला) के 2 पदों के लिए 4 प्रत्याशी हैं, जिनमें से 2 का चयन किया जाएगा।

चुनाव समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित संख्या से अधिक प्रत्याशियों का चयन करने पर संबंधित पद का मत अवैध घोषित कर दिया जाएगा। इसलिए मतदाताओं से सावधानीपूर्वक मतदान करने की अपील की गई है।

मतदान प्रक्रिया के लिए दो प्रकार के मतपत्र जारी किए जाएंगे। नीले रंग का मतपत्र सभी प्रमुख पदों के लिए होगा, जबकि गुलाबी मतपत्र कार्यकारिणी सदस्य (सामान्य व महिला) के लिए उपयोग किया जाएगा।

चुनाव समिति ने सभी अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे मतदान से पहले प्रक्रिया को अच्छी तरह समझ लें, ताकि उनका मत वैध रहे। इस बार के चुनाव में सभी पदों पर कड़ा मुकाबला होने के कारण परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।