प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या: बेहोश कर जिंदा दफनाया, 5 गिरफ्तार
मारपीट के बाद ऑटो में घुमाते रहे आरोपी, गला दबाकर बेहोश किया; मुरूम खदान में जिंदा दफन, एक आरोपी फरार
रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में मिले युवक के अंधे कत्ल का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए हत्या की खौफनाक साजिश का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की निर्मम हत्या की गई। इस मामले में एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
पुलिस के अनुसार 21 मार्च 2026 को भरेंगाभाठा के पास सड़क किनारे एक मुरूम गड्ढे में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि शव आंशिक रूप से जमीन में दबा हुआ था। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत गला दबाने और जिंदा दफनाने से हुई। सांस नली में मिट्टी भर जाने के कारण उसकी जान गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान माना थाना में दर्ज गुमशुदगी के आधार पर 29 वर्षीय नितेश बत्रा, निवासी रायपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी का एक युवती से प्रेम संबंध था, जबकि मृतक भी युवती के संपर्क में था, जिससे विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
16 मार्च की रात इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने पहले युवक पर लकड़ी से हमला किया और फिर साथियों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उसे ऑटो में बैठाकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में घुमाते हुए लगातार मारपीट करते रहे।
बाद में आरोपी उसे सुनसान इलाके में ले गए, जहां गमछे से गला दबाकर बेहोश किया गया। इसके बाद परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच स्थित मुरूम खदान में उसे जिंदा दफना दिया गया।
पुलिस ने मामले में श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि माइकल सैनी नामक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ऑटो, लकड़ी और अन्य सामान बरामद किया गया है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और अभनपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस हत्याकांड का खुलासा हुआ है। रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
suntimes 