दुर्ग की 6 सीटों पर 1 बजे तक 37.04% मतदान:सीएम भूपेश और विजय बघेल ने डाला वोट......

दुर्ग जिले की 6 विधानसभा सीटें दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई नगर, पाटन, अहिवारा और वैशाली नगर में शुक्रवार 17 नवंबर को सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है, जो कि शाम 5 बजे तक चलेगी। 3 दिसंबर को इसके नतीजे आएंगे। कुल 1485 मतदान केंद्रों में करीब 30 हजार से अधिक बीएलओ की ड्यूटी लगी है। जिले में 14 लाख 32 हजार मतदाता हैं। जिले में 1 बजे तक 37.04 प्रतिशत मतदान हुआ है।
भिलाई निगम के वार्ड-1 खम्हरिया के बूथ क्रमांक में मशीन खराब होने की वजह से मतदान शुरू नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों की माने तो 100 से ज्यादा लोग कतार में खड़े रहे। करीब 2 घंटे तक मशीन खराब रही।
पाटन विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सपरिवार पाटन के कुरूदडीह में बने मतदान केंद्र में मतदान किया। भूपेश बघेल ने लोगों से भी मतदान करने की अपील की है। बघेल ने आम जनता के साथ लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर वोट किया।