IPL सट्टेबाजी नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन ऐप के जरिए लगाया जा रहा था मैचों पर दांव, मोबाइल-नकदी और सट्टे का रिकॉर्ड जब्त

IPL सट्टेबाजी नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस पूरे नेटवर्क में अब तक सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस को जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं।

दुर्ग-भिलाई। आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस के मुताबिक पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान अन्य लोगों के नाम सामने आए थे। इसके बाद पुलिस ने अक्षत बोहरे, मोहम्मद आदिल, मोहम्मद अय्युब और प्रकाश सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में चारों के ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े होने की पुष्टि होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

मोबाइल और नकदी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 9 हजार 810 रुपए नकद, सट्टे का हिसाब-किताब लिखी पॉकेट डायरी और अन्य सामान जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 89 हजार 810 रुपए बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी मोबाइल फोन और ऑनलाइन ऐप के जरिए आईपीएल मैचों पर हार-जीत का दांव लगवा रहे थे। इसके माध्यम से संगठित तरीके से आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था।

चेन्नई-दिल्ली मैच के दौरान हुई रेड

पुलिस को सूचना मिली थी कि दुर्ग के ऋषभ नगर इलाके में रहने वाला विकास जैन ऑनलाइन ऐप के जरिए आईपीएल मैचों में सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी।

उस समय चेन्नई और दिल्ली के बीच IPL मुकाबला खेला जा रहा था। रेड के दौरान पुलिस ने मौके से विकास जैन, रौनक ताम्रकार और प्रवीण ताम्रकार को सट्टा चलाते हुए पकड़ा था। इनके पास से मोबाइल, डायरी, नकदी और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए थे।

सात आरोपी पहुंच चुके हैं जेल

अब तक गिरफ्तार आरोपियों में विकास जैन, रौनक ताम्रकार, प्रवीण ताम्रकार, अक्षत बोहरे, मोहम्मद आदिल, मोहम्मद अय्युब और प्रकाश सोनी शामिल हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।