दुर्ग के वाटर फिल्टर प्लांट में लगी आग, फायर टीम ने समय रहते पाया काबू
बीआईटी कॉलेज के पास स्थित प्लांट के ऑफिस में धुआं और लपटें उठीं, केमिकल की आशंका पर सुरक्षा उपकरण पहनकर घुसे जवान
दुर्ग शहर में बीआईटी कॉलेज के समीप स्थित वाटर फिल्टर प्लांट के कार्यालय में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते राहत कार्य होने से बड़ा हादसा टल गया।
दुर्ग। शहर के फिल्टर प्लांट क्षेत्र में स्थित वाटर फिल्टर प्लांट के कार्यालय में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना बीआईटी कॉलेज के पास की बताई जा रही है। कार्यालय कक्ष से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल की एक दमकल टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचते ही जवानों ने हालात का जायजा लिया और देखा कि प्लांट के कमरे के भीतर आग तेजी से फैल रही है।
धुएं से भरे कमरे में घुसे जवान
आग लगने वाले स्थान पर केमिकल मौजूद होने की आशंका जताई जा रही थी। इसे देखते हुए फायर फाइटरों ने विशेष सुरक्षा उपकरण बीए सेट पहनकर धुएं और लपटों से भरे कमरे के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद जवानों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया।
बड़ा हादसा टला
अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। यदि समय पर आग नहीं बुझाई जाती तो प्लांट परिसर में नुकसान बढ़ सकता था। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट या तकनीकी कारणों से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच के बाद सामने आएगी।
टीम ने दिखाई मुस्तैदी
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में अग्निशमन दल प्रभारी शरद मेश्राम तथा कर्मचारी धर्मेंद्र, नागेश, दीवहार, खेमराज, पवित्र और राहुल ने संयुक्त रूप से राहत कार्य किया। टीम की सतर्कता और समय पर पहुंचने से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
suntimes 