दुर्ग में पुलिस की कार्रवाई, महिला से गांजा और युवक से अवैध शराब बरामद

जामुल में घर से करीब 3 किलो गांजा जब्त, अंजोरा बस स्टैंड के पास 32 पाव शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में पुलिस की कार्रवाई, महिला से गांजा और युवक से अवैध शराब बरामद

दुर्ग जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए गांजा और शराब बेचने वालों को गिरफ्तार किया। जामुल क्षेत्र में एक महिला के घर से गांजा बरामद किया गया, जबकि अंजोरा बस स्टैंड के पास एक युवक अवैध शराब के साथ पकड़ा गया।

दुर्ग-भिलाई। जिले में अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। जामुल थाना क्षेत्र में एक महिला को घर में गांजा रखकर बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलगांव थाना अंतर्गत अंजोरा चौकी क्षेत्र में एक युवक को अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

घर से गांजा बेच रही थी महिला

पहली कार्रवाई जामुल थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई के 32 एकड़ हाउसिंग बोर्ड स्थित पीएम आवास में एक महिला अपने घर से गांजा बेच रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और घर में दबिश दी। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से एक सफेद बोरी में रखा 2 किलो 880 ग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही 500 रुपए नकद भी जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपी महिला एस. निर्मला (32) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार महिला लंबे समय से गांजा बेचने के अवैध कारोबार में लिप्त थी।

नाबालिग की भूमिका भी सामने आई

जांच के दौरान मामले में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है। उसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बस स्टैंड के पास शराब बेचने की तैयारी

दूसरी कार्रवाई पुलगांव थाना क्षेत्र के अंजोरा चौकी इलाके में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास एक युवक अवैध शराब बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 32 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3200 रुपए आंकी गई है।

आरोपी जेल भेजा गया

गिरफ्तार युवक की पहचान अजय उर्फ जय ढीमर (27) निवासी शिव पारा, दुर्ग के रूप में हुई है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

अभियान जारी रहेगा

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध नशे और शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।