दुर्ग में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया योग:विधायक और सांसद सहित हजारों की संख्या में लोगों ने मिनी स्टेडियम में किया योगाभ्यास

दुर्ग में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया योग:विधायक और सांसद सहित हजारों की संख्या में लोगों ने मिनी स्टेडियम में किया योगाभ्यास

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुर्ग जिले में अलग-अलग जगहों में नेताओं और अधिकारियों सहित आम लोगों ने बुधवार सुबह योग किया। जिला प्रशासन दुर्ग द्वारा पद्मनाभपुर के मिनी स्टेडियम में योग दिवस का आयोजन किया गया था। यहां प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, लोकसभा सांसद विजय बघेल और दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने पहुंचकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उनके साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित आम लोगों ने योग किया। 

मिनी स्टेडिम में योगगुरु कल्पना के मार्गदर्शन में योग कराया गया। कल्पना ने ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन, ताड़ासन, त्रिकोणासन, वक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उसथरासन, शशांक आसन, मकरासन, भुजंगासन और कपालभाति जैसे योग कराए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथ ताम्रध्वज साहू ने इस मौके पर कहा कि पुरातन काल से हम लोग किसी ना किसी रूप में योग करते आ रहे हैं।

मिनी स्टेडियम में योग करते सांसद दुर्ग विजय बघेल व अन्य। - Dainik Bhaskar

मानव शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग बहुत ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि करें योग रहें निरोग की युक्ति को हम सभी को सार्थक करना चाहिए। इस मौके पर दुर्ग सांसद विजय बघेल ने सभी लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी। अरुण वोरा ने भी कहा कि योग से शरीर स्वस्थ रहता है। इसलिए सभी को योग के लिए कुछ न कुछ समय जरूर निकालना चाहिए।

नेहरू नगर के भेलवा तालाब में निगम ने कराया योग कार्यक्रम
गुरुनानक देव सरोवर भेलवा तालाब में नगर निगम भिलाई ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर निगम के महापौर नीरज पाल और आयुक्त रोहित व्यास सहित कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर और महापौर परिसर के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने योग गुरु के मार्गदर्शन में अलग-अलग योगासन किए। महापौर ने कहा कि योग से शरीर स्वस्थ रहता है। मन को एकाग्र करता है। योग से शारीरिक और मानसिक ऊर्जा मिलती है। वहीं निगम आयुक्त रोहित व्यास ने कहा कि योग हमारे परंपरा से जुड़ा हुआ है। हम सब नियमित रूप से योग करेंगे तो तन मन दोनों स्वस्थ रहेगा।