पत्थर खदान के गहरे पानी में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव बरामद, SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
30 फीट गहराई में उतरे डीप डाइविंग एक्सपर्ट, करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद मिली सफलता
बेमेतरा। बेरला थाना क्षेत्र के ग्राम चंडी भाठा स्थित पत्थर खदान में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव एसडीआरएफ की टीम ने दूसरे दिन बरामद कर लिया। करीब 30 फीट गहरे पानी में डीप डाइविंग एक्सपर्ट ने जोखिम उठाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया और सुबह करीब 8:15 बजे युवक के शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया।
बेरला थाना क्षेत्र के ग्राम चंडी भाठा स्थित पत्थर खदान में रविवार शाम नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। चार दोस्तों के साथ खदान में नहाने पहुंचे 22 वर्षीय युवक हर्ष दास गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस एवं संबंधित रेस्क्यू टीम को इसकी जानकारी दी गई।
कंट्रोल रूम दुर्ग से सूचना प्राप्त होने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने जिला सेनानी श्री दिनेश कुमार रावटे के निर्देशन में सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे घटनास्थल के लिए रवाना होकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद टीम ने खदान के गहरे पानी में युवक की तलाश शुरू की।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव एवं चंद्रप्रताप जंघेल ने करीब 30 फीट गहरे पानी में उतरकर सघन तलाशी अभियान चलाया। लगातार प्रयास के बाद सुबह करीब 8:15 बजे टीम को सफलता मिली और युवक का शव पानी से बरामद कर लिया गया। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में प्रभारी धनीराम यादव के साथ जवान चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, राजेश नेताम, रमेश रात्रे, भूपेंद्र सिंह, कुंजेश कुमार, भानुप्रताप, सूरज भांडेकर, ओंकार एवं शारदा प्रसाद शामिल रहे।
मृतक युवक की पहचान हर्ष दास पिता गोपाल दास, उम्र 22 वर्ष, निवासी भानपुरी, रायपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
suntimes 