वर्दी पर दाग: थाने के अंदर लेनदेन का VIDEO, एसपी ने की सख्त कार्रवाई
एसपी अंकिता शर्मा ने दोनों को किया तत्काल सस्पेंड
राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ थाना परिसर से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में थाने के भीतर कथित लेनदेन और आपत्तिजनक गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक रोहित खूंटे और आरक्षक लक्ष्मी शंकर कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामले में नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन को जांच सौंपी गई है और उन्हें 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
वायरल वीडियो में डोंगरगढ़ थाने के भीतर का दृश्य दिखाई दे रहा है, जहां वर्दीधारी आरक्षक लक्ष्मी शंकर कंवर 100-100 रुपए के नोट लेते हुए नजर आ रहा है। वहीं उप निरीक्षक रोहित खूंटे मोबाइल में एक महिला की तस्वीर को जूम कर देखते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में समझौता, जमानत और चालान से जुड़े मामलों पर बातचीत के साथ “मामला निपटाने” की चर्चा भी सुनाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो हाल ही का है और इसके सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों पर अलग-अलग आरोपों के तहत कार्रवाई की है।
एसआई रोहित खूंटे पर ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी में न रहने और अनुचित आचरण से पुलिस की छवि धूमिल करने का आरोप है, जबकि आरक्षक लक्ष्मी शंकर कंवर पर रिश्वत लेने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में दोनों पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र, राजनांदगांव से संबद्ध किया गया है। साथ ही उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और नियमित उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
suntimes 