धान खरीदी से लेकर विधानसभा सत्र तक, 18 नवंबर को अहम फैसले ले सकती है साय सरकार
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होगी मंत्रिपरिषद की बैठक, 14 दिसंबर से प्रस्तावित शीतकालीन सत्र की रणनीति पर भी होगी चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की आगामी कार्ययोजना और विधानसभा की तैयारियों को लेकर 18 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक होगी। मुख्यमंत्री निवास में सुबह 11:30 बजे से प्रस्तावित इस बैठक में धान खरीदी से जुड़े विषयों के साथ विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी मंत्रिपरिषद के सामने रखे जा सकते हैं।
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से शुरू होना प्रस्तावित है। सत्र के मद्देनजर सरकार विधायी कामकाज की रूपरेखा तैयार करने में जुटी है। कैबिनेट बैठक में सदन में रखे जाने वाले विधेयकों, सरकारी संकल्पों और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो सकती है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों को प्रश्नकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के जवाब तैयार रखने सहित संसदीय कार्यवाही के लिए आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
जनहित के प्रस्तावों पर भी हो सकता है फैसला
कैबिनेट की बैठक में विभागीय स्तर पर तैयार किए गए नीतिगत और प्रशासनिक प्रस्तावों को भी मंजूरी के लिए रखा जा सकता है। इनमें आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों के अलावा सरकारी योजनाओं और विभागीय कामकाज से संबंधित विषय शामिल हो सकते हैं। फिलहाल बैठक का विस्तृत एजेंडा सार्वजनिक नहीं हुआ है। ऐसे में 18 नवंबर को होने वाली बैठक में सरकार के किन प्रस्तावों को हरी झंडी मिलती है, यह महत्वपूर्ण रहेगा।
suntimes 