छोटे कारोबारियों के लिए केंद्र का बड़ा फैसला, मुद्रा ऋण को मिलेगी गारंटी
5,000 करोड़ रुपए के कोष से मजबूत होगी ऋण सुरक्षा व्यवस्था, सूक्ष्म उद्यमों को कारोबार बढ़ाने में मिलेगी मदद
रायपुर। देश में छोटे व्यवसायों और सूक्ष्म उद्यमों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने अहम कदम उठाया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत दिए जाने वाले ऋणों के लिए ऋण गारंटी निधि को जारी रखने की स्वीकृति प्रदान की है। इस व्यवस्था के तहत 5,000 करोड़ रुपए का कोष उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे योजना के लाभार्थियों को ऋण गारंटी का समर्थन मिलेगा। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस फैसले को छोटे उद्यमियों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे उन्हें ऋण सुविधा प्राप्त करने में सहूलियत होगी। साथ ही स्वरोजगार, नए व्यवसायों की स्थापना और सूक्ष्म उद्योगों के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने केंद्र के इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
suntimes 