पत्नी की मौत से टूटे पिता ने बेटे संग जहर खाकर दी जान, दरवाजा तोड़कर पुलिस ने बरामद किया शव
पत्नी की मौत से अवसाद में आए एक बुजुर्ग ने अपने बेटे के साथ जहर खाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने दोनों की लाश किराए के मकान से बरामद किया..
दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पत्नी की मौत से अवसाद में आए एक बुजुर्ग ने अपने बेटे के साथ जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली। शनिवार को दोनों के शव किराए के मकान में मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोडकऱ घर के भीतर दाखिल हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
किराए के मकान में रह रहे थे पिता-पुत्र
कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात की है। आपापुरा भोईपारा में अरुण टाटिया (72) अपने बेटे पंकज टाटिया (35) के साथ किराए के मकान में रहते थे। पंकज मानसिक रूप से कमजोर था और उसे मिर्गी की बीमारी भी थी, जिसका इलाज उसके पिता करा रहे थे। कुछ समय पहले पंकज की मां का निधन हो गया था। पत्नी की मौत के बाद अरुण टाटिया अवसाद में रहने लगे थे। आशंका है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने पहले कीटनाशक सेवन किया और अपने बेटे को भी जहर दे दिया।
दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ शक
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे तक घर का दरवाजा बंद था। पड़ोसियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोडकऱ अंदर प्रवेश किया तो दोनों बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था।
बेटी के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान बाथरूम से कीटनाशक की शीशी बरामद की है, जिसे जब्त कर लिया गया है। घटना स्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था। पुलिस के अनुसार अरुण टाटिया की एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है और वह जगदलपुर में अपने परिवार के साथ रहती है। उसे घटना की सूचना दे दी गई है। बेटी के पहुंचने के बाद ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बड़ा सवाल
पिता-पुत्र की इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद कई गंभीर सवाल भी खड़े हो गए हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि जब बुजुर्ग पिता चलने-फिरने में असमर्थ थे और बेटा भी मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है, तो उनके पास कीटनाशक दवा आखिर पहुंची कैसे? सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह जहर घर तक किसने पहुंचाया और किन परिस्थितियों में इसका सेवन किया गया? फिलहाल यह पूरा मामला जांच के दायरे में है। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
suntimes 