प्राचीन शिव मंदिर में हजारों लोगों ने चढ़ाया जल:शिवनाथ में स्नान कर कांवड़ में जल लेकर पहुंचे रुद्राभिषेक करने

सावन के तीसरे सोमवार को पूरा दुर्ग जिला भक्तिमय दिखा। इस मौके पर जय हनुमान सेवा वाहिनी के द्वारा दुर्ग के शिवनाथ नदी तट से लेकर देव बलौदा के प्राचीन शिव मंदिर तक कांवड़ यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में भिलाई और पूरे छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से आए लोग शामिल हुए। यात्रा में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव भी शामिल हुए। उन्होंने सभी भक्तों के साथ सुबह शिवनाथ नदी में स्नान किया। इसके बाद कांवड़ में जल लेकर पैदल देव बलौदा पहुंचे।
कांवड़ यात्रा निकालने से पहले सभी भक्तों ने पहले सुबह करीब 6 बजे पवित्र शिवनाथ नदी में स्नान किया। शिवनाथ तट पर स्थित शिवालय में भगवान शंकर की आराधना की। शिवलिंग में दूध और जल से महाभिषेक किया। इसके बाद यहां से संकल्प लेकर देवबलौदा स्थित भोलेबाबा की प्राचीन मंदिर में जल चढ़ाने के लिए पैदल कांवड़ यात्रा निकाली।
इस बार इस यात्रा में 1 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। कांवड़ यात्रा का पूरे शहर भर में जगह-जगह स्वागत किया गया। गंजपारा चौक में पुष्प वर्षा की गई। जगह जगह फल-जूस आदि बांटा गया। डीजे की धुन में हर हर महादेव, मेरा भोला है भंडारी जैसे भक्तिगीत में भक्त झूमते नाचते चलते गए।
सभी धर्म के लोगों ने किया कांवड़ यात्रा का स्वागत
कांवड़ यात्रा शिवनाथ नदी से गंज पारा से सीधे सांइस कॉलेज होते हुए वायशेप ब्रिज से होकर सेक्टर 9 चौक पहुंची। यहां शहर के मुस्लिम समाज ने कांवड़ यात्रा का भव्य स्वागत किया। कांवड़ यात्री का फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया गया। यही नहीं ईसाई, सिक्ख समाज के अलावा यादव, कुर्मी क्षत्रिय समाज, सतनामी, देवांगन समाज, बड़बलिजा जातीय संगम के नागरिकों ने भी यात्रा का स्वागत किया।
सेक्टर 4 में महादेव के 11 ज्योतिलिंग के एक साथ हुए दर्शन
इस यात्रा ने पूरे शहर को शिवमय कर दिया। चारों ओर हर हर महादेव के जयकारे सुनाई दे रहे थे। पहली बार कांवड़ यात्रा में एक साथ 11 ज्योर्तिलिंगों के एक साथ दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सेक्टर 4 चौक में भक्तों ने इसकी झांकी बनाई थी। यहां भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा।