बंगाल में करोड़ों का कैश और सोना बरामद, आरोपी गिरफ्तार

गुप्त सूचना पर रातभर चली कार्रवाई में 25 बैगों में भरी नकदी और 24 गोल्ड बार-बिस्किट जब्त; फरार कारोबारी तुलु मंडल से जुड़े नेटवर्क की जांच तेज

बंगाल में करोड़ों का कैश और सोना बरामद, आरोपी गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व बस चालक एवं वर्तमान में पत्थर कारोबार से जुड़े मिनार मंडल के ठिकाने से करीब ₹28.5 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹50 करोड़ आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पूछताछ में बरामद नकदी और सोने का संबंध फरार कारोबारी तुलु मंडल से होने की बात सामने आई है।

कोलकाता (ए)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की छापेमार कार्रवाई में करोड़ों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में सोना बरामद होने से हड़कंप मच गया। मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पूर्व बस चालक और वर्तमान में पत्थर कारोबार से जुड़े मिनार मंडल के आवास पर की गई कार्रवाई के दौरान ₹28.5 करोड़ नकद तथा 15 किलो सोना जब्त किया गया। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य करीब ₹50 करोड़ बताया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नकदी की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसकी गिनती के दौरान पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं। नोटों को 25 बैगों में भरकर थाने ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें बैंक में जमा कराया जाएगा।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक-एक किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्किट भी बरामद किए। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मिनार मंडल ने दावा किया कि नकदी और सोना फरार पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का है, जिससे उसके पारिवारिक और व्यावसायिक संबंध बताए जा रहे हैं।

जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना कहां से आया तथा इसके पीछे किन लोगों की भूमिका रही। पुलिस को संदेह है कि यह रकम पत्थर खदानों से जुड़े राजस्व और अन्य वित्तीय लेन-देन से संबंधित हो सकती है। मामले में आर्थिक अपराध और अवैध संपत्ति के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

तुलु मंडल पहले भी विभिन्न जांच एजेंसियों के रडार पर रह चुका है। उस पर पत्थर खदानों से जुड़े राजस्व संग्रह में अनियमितताओं और अन्य मामलों में जांच चल चुकी है। हालांकि, इन मामलों में अंतिम न्यायिक निर्णय अभी लंबित है।

इस बड़ी बरामदगी के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।