बीएसपी के लोको का संचालन करने वाली कंपनी सस्पेंड:विजिलेंस जांच के बाद दोषी पाए जाने पर की गई कार्रवाई, नई कंपनी को मिला काम

बीएसपी के लोको का संचालन करने वाली कंपनी सस्पेंड:विजिलेंस जांच के बाद दोषी पाए जाने पर की गई कार्रवाई, नई कंपनी को मिला काम

भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में लंबे समय तक लोको का संचालन करने वाली एजेंसी रोहनी ट्रांसपोर्ट को निलंबित कर दिया है। बीएसपी प्रबंधन के मुताबिक एजेंसी के खिलाफ विजिलेंस समेत अन्य स्थानों पर कई शिकायत मिली थीं। जब उसकी जांच की गई तो शिकायतों को सही पाया गया। इसके बाद एजेंसी को सस्पेंड करते हुए लोको संचालन का काम दूसरी एजेंसी को दिया गया है।

बीएसपी प्रबंधन के मुताबिक रोहनी और आमिया के खिलाफ विजिलेंस में शिकायत की गई थी। ये शिकायत ओम प्रकाश नामक व्यक्ति ने की थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि रोहनी ट्रांसपोर्ट ओपन अर्थ यार्ड (डीजल एंड ट्रांसपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन) में लोको परिचालन का काम 2019-2020 में एक साल के लिए किया था। इस कंपनी के अधीन 80 ठेका श्रमिक काम करते थे। इसमें 10 सुपरवाइजर, 70 शंटिंग स्टाफ थे।

कंपनी ने काम लेने के बाद भी अब तक इन कर्मियों का फुल एंड फाइनल सेटलमेंट नहीं किया है। नियम के मुताबिक 12,540 रुपए हर श्रमिक को दिया जाना है। इस तरह से देखा जाए तो कंपनी ठेका कर्मियों का लगभग 10 लाख रुपए का भुगतान नहीं कर रही है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच में शिकायत पूरी तरह से सही पाई गई। विजिलेंस की जांच रिपोर्ट आने के बाद बीएसपी प्रबंधन ने रोहनी एजेंसी का ठेका समाप्त कर दिया।

140 श्रमिक कर रहे हैं काम
भिलाई स्टील प्लांट में लोको परिचालन का काम 7 जून 2021 से 7 जून 2023 तक रोहनी ट्रांसपोर्ट एजेंसी को मिला था। एजेंसी के अधीन 140 ठेका श्रमिक काम कर रहे थे। इसमें से 10 सुपरवाइजर, 30 लोको चालक, 80 शंटिंग स्टाफ, 20 ग्राउंड स्टाफ शामिल हैं। इन कर्मियों के सहारे बीएसपी में यह एजेंसी काम कर रही थी।

टेंडर में नहीं लिया हिस्सा
बीएसपी के पीपी यार्ड समेत अन्य स्थानों पर रोहनी कंपनी लोको का संचालन करती रही है। इस वक्त निलंबित किए जाने की वजह से वह टेंडर में हिस्सा नहीं ले पा रही है। अब यह काम स्थानीय एजेंसी को मिला है। पहले यह काम करीब 5 करोड़ में दिया गया था। अब उससे अधिक दर पर यह काम जा रहा है।

रोहनी ट्रांसपोर्ट एजेंसी सस्पेंड
बीएसपी के जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक लोको का संचालन करने वाली रोहनी ट्रांसपोर्ट एजेंसी, कोलकाता को निलंबित किया गया है। इस वजह से वह अभी किसी टेंडर में हिस्सा नहीं ले सकती। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई तय होगी।