भाजपा कार्यकर्ता ने मंदिर परिसर में लगाई फांसी, गांव में शोक की लहर

पूर्व उपसरपंच ने 20 साल पहले खुद बनवाया था शिव मंदिर, उसी परिसर में पेड़ से लटका मिला शव

भाजपा कार्यकर्ता ने मंदिर परिसर में लगाई फांसी, गांव में शोक की लहर

दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेलूद में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता और पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर (50) का शव गांव के शिव मंदिर परिसर में चंपा के पेड़ से फांसी पर लटका मिला। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

विशेष बात यह है कि लगभग 20 वर्ष पूर्व उपसरपंच रहते हुए तारेंद्र बंछोर ने जिस शिव मंदिर का निर्माण कराया था, उसी मंदिर परिसर में उन्होंने आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों के अनुसार जिस चंपा के पेड़ पर उनका शव मिला, वह पौधा भी उन्होंने ही लगाया था।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को तारेंद्र बंछोर ने स्थानीय हार्डवेयर दुकान से रस्सी खरीदी थी। इसके बाद वह पड़ोस में आयोजित एक बर्सी कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे और सामान्य व्यवहार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उन्होंने अपना मोबाइल फोन अनलॉक छोड़ दिया था, जिससे परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मंगलवार सुबह मंदिर पहुंचे ग्रामीणों ने पेड़ पर शव लटका देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची उतई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया तथा बाद में परिजनों को सौंप दिया। अंतिम संस्कार में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल भी शामिल हुए।

ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार तारेंद्र बंछोर पिछले कुछ समय से पेट संबंधी बीमारी और निमोनिया से पीड़ित थे। कुछ दिन पूर्व उनकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर वे घर लौट आए थे।

तारेंद्र बंछोर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ-साथ सेलूद स्थित शासकीय कन्या विद्यालय समिति तथा सरस्वती शिशु मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे।

फिलहाल पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। उतई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।