भिलाई निगम की सख्ती: लीज किराया नहीं पटाने वालों पर कार्रवाई, आकाशगंगा कॉम्प्लेक्स की 8 दुकानें सील

लाखों रुपए बकाया वसूली के लिए पुलिस बल के साथ पहुंची निगम टीम, वर्षों से किराया नहीं देने का मामला उजागर

भिलाई नगर निगम ने अपने राजस्व की वसूली को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए लीज किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में आकाशगंगा बिजनेस कॉम्प्लेक्स में 8 दुकानों को सील कर दिया, जिससे पूरे व्यावसायिक परिसर में हड़कंप मच गया।

भिलाई। भिलाई नगर निगम के खजाने को हो रहे नुकसान को देखते हुए निगम प्रशासन ने लीज पर दी गई दुकानों के किराया बकाया मामलों में सख्त कदम उठाया है। मंगलवार दोपहर निगम की टीम पुलिस बल के साथ आकाशगंगा बिजनेस कॉम्प्लेक्स पहुंची और लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले करीब 8 दुकानदारों की दुकानों को सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों और दुकानदारों के बीच काफी देर तक बहस भी हुई। दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की, लेकिन जब निगम अधिकारियों ने उन्हें पहले से जारी किए गए नोटिस दिखाए तो वे कोई ठोस जवाब नहीं दे सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी दुकानों को लीज शर्तों के तहत दिया गया है, जिसके अनुसार तय समय पर किराया जमा करना अनिवार्य है।

निगम अधिकारियों के मुताबिक, कुछ दुकानदारों ने वर्षों से किराया नहीं चुकाया है। इस कॉम्प्लेक्स में प्रति दुकान 1 लाख से लेकर 8 लाख रुपए तक का किराया बकाया है, जिससे नगर निगम को लाखों रुपए का राजस्व नुकसान हो रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सख्त कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई के बाद कुछ व्यापारियों ने तत्काल बकाया राशि चुकाने की सहमति भी जताई है, लेकिन निगम प्रशासन ने साफ किया है कि जब तक पूरी राशि जमा नहीं की जाती, तब तक सील हटाने पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। निगम अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आगे भी किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।