भिलाई में गोलीकांड के आरोपी के मकान पर चला बुलडोजर...क्वार्टरों पर अवैध कब्जा कर वसूल रहा था किराया

भिलाई में गोलीकांड के आरोपी के मकान पर चला बुलडोजर...क्वार्टरों पर अवैध कब्जा कर वसूल रहा था किराया

छत्तीसगढ़ के भिलाई में भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के इंफोर्समेंट डिपार्टमेंट ने अवैध कब्जों पर कार्रवाई की। इस कार्रवाई में 2 दिन पहले टाउनशिप के ग्लोब चौक पर गोली चलाने वाले आरोपी अमित जोश के घर पर भी बुलडोजर चलाया गया है। अमित जोश 18 से ज्यादा क्वार्टरों पर अवैध कब्जा कर किराया वसूल रहा था। प्रत्येक किराएदार से 18 से 20 हजार रुपए सालाना लिया जा रहा था। इन 3 मंजिला बिल्डिंगों में तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के माध्यम से BSP और पुलिस विभाग ने आरोपियों के आतंक और अवैध वसूली को खत्म करने की कोशिश की है।

पुलिस ने बदमाश अमित जोश की बहन के मकान से लोडेड पिस्टल भी जब्त किया है। आरोपी के बहन के निवास पर अवैध कब्जा हटाने के दौरान तलाशी में लोडेड पिस्टल मिली। जानकारी के मुताबिक 23 मकानों पर प्रशासन का बुलडोजर मिला है।

भिलाई के टाउनशिप क्षेत्र के सेक्टर 6 स्ट्रीट 31 के जर्जर भवनों में रहने वाले अवैध कब्जेदारों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रही। खुद एडिशनल SP और CSP समेत 3 थाना प्रभारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। भारी पुलिस बल के साथ BSP के इंफोर्समेंट विभाग के अधिकारियों ने अवैध कब्जों को हटाया।

दरअसल, भिलाई के निगरानीशुदा गुंडा बदमाश अमित जोश के खिलाफ दुर्ग में 49 मामले दर्ज है। जिनमें से मारपीट, चोरी और अवैध वसूली जैसे 25 मामले भिलाई के कोतवाली थाने में दर्ज है। अमित जोश ने दो दिन पहले ही टाउनशिप के ग्लोब चौक में रात डेढ़ बजे फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। घटना में विश्रामपुर निवासी सुनील यादव के कलाई और आदित्य सिंह के पेट में गोली लगने से घायल हुए थे।

घायलों का इलाज रायपुर के अस्पताल में चल रहा है। वहीं पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर 2 आरोपी यशवंत नायडू और अंकुर शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज है। लेकिन अमित जोश और सागर बाग उर्फ डागी अभी भी फरार है। पुलिस ने अमित जोश को जिला बदर करने कलेक्टर को पत्र लिखा है।