भिलाई में बड़ा हादसा टला: ट्रांसफार्मर में लगी आग पर पुलिस ने पाई काबू

यातायात पुलिस की तत्परता से आग फैलने से रोकी गई, पेट्रोलिंग टीम की सूझबूझ आई काम

भिलाई के आकाशगंगा क्षेत्र में देर रात ट्रांसफार्मर में लगी आग को समय रहते बुझाकर पुलिस ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। यातायात पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत आकाशगंगा इलाके में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब आदर्श पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 10 बजे की है, जब हाइवे-02 पर ड्यूटी कर रही यातायात पुलिस टीम को इसकी सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और तुरंत कार्रवाई शुरू की। पास ही स्थित पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था कर जवानों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और कुछ ही देर में स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

समय रहते की गई इस कार्रवाई से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई। घटना के दौरान सुपेला थाना की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयासों से स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया गया।

इस सराहनीय कार्य में यातायात पुलिस के जवान राकेश सिंह और टाकेश देशमुख की त्वरित प्रतिक्रिया और सूझबूझ अहम रही। उनकी तत्परता के चलते न केवल आग पर जल्द काबू पाया गया, बल्कि संभावित जन-धन हानि को भी टाल दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने इस घटना के बाद नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, आगजनी या दुर्घटना की जानकारी तत्काल पुलिस और आपात सेवाओं को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।