लगातार बारिश से छत्तीसगढ़ बेहाल: रायपुर में जलभराव, गरियाबंद में अधेड़ बहा, सक्ती में युवक का शव मिला

अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट; सिकासार बांध से छोड़ा गया 15 हजार क्यूसेक पानी, आकाशीय बिजली से 5 की मौत

लगातार बारिश से छत्तीसगढ़ बेहाल: रायपुर में जलभराव, गरियाबंद में अधेड़ बहा, सक्ती में युवक का शव मिला

छत्तीसगढ़ में मानसून का असर लगातार तेज बना हुआ है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। सड़कों पर जलभराव और यातायात बाधित होने के बीच गरियाबंद में उफनते नाले में एक अधेड़ बह गया, जबकि सक्ती जिले में झरने के तेज बहाव में लापता युवक का शव बरामद किया गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार रात से शुरू हुई रुक-रुककर बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। देवपुरी से लालपुर स्थित फल मंडी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर पानी भर जाने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा।

लगातार हो रही बारिश के बीच प्रदेश के अलग-अलग जिलों से हादसों की भी खबरें सामने आई हैं। गरियाबंद जिले में उफनते सरगी नाला को पार करते समय सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों के अनुसार वे नशे की हालत में नाला पार करने का प्रयास कर रहे थे। बाद में उनका शव घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर खुटेरी गांव के पास मिला।

वहीं, सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र स्थित दमाऊधारा में झरने के तेज बहाव में लापता हुए दुर्ग-भिलाई निवासी प्रतीक कंवर (20) का शव लगभग 24 घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद बरामद किया गया। वह मंगलवार को अपने दोस्तों के साथ घूमने आया था और पानी के तेज बहाव में बह गया था।

बारिश के कारण जलाशयों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। सिकासार बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने पैरी नदी के किनारे बसे गांवों और निचले क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

इधर, प्रदेश में आकाशीय बिजली भी जानलेवा साबित हुई। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।