वैशाली नगर से कांग्रेस प्रत्याशी ने जारी किया घोषणा पत्र:मुकेश चंद्राकर विधायक बने तो 20 हजार आवास समेत 22 वादे पूरे करेंगे

वैशाली नगर से कांग्रेस प्रत्याशी ने जारी किया घोषणा पत्र:मुकेश चंद्राकर विधायक बने तो 20 हजार आवास समेत 22 वादे पूरे करेंगे

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस भले ही अपना चुनावी घोषणा पत्र पूरी तरह से ना लाई हो, लेकिन उनके वैशाली नगर से कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर अपना घोषणा पत्र पहले ही जारी कर दिया है। यदि वो विधायक बने तो सरकार के 17.50 लाख पक्का आवास में से 20 हजार आवास वैशाली नगर के 37 वार्डों में देंगे। उनके घोषणा पत्र में 22 अलग-अलग वादे हैं। दरअसल वैशाली नगर विधानसभा से कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर को चुनावी मैदान में उतारा है। शुक्रवार शाम को प्रेस कांफ्रेंस कर उन्होंने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। इस दौरान उनके साथ हिमाचल से आए विधायक और भिलाई महापौर नीरज पाल सहित कई बड़े कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।

मुकेश चंद्राकर ने बताई अपनी सफलताएं

मुकेश चंद्राकर ने अपनी सफलता और कार्यों को भी बताया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान उन्होंने एनएच 53 में देश का पहला राहत कैंप लगाया और लोगों के लिए भोजन पानी की व्यवस्था की। इतना ही नहीं दुर्ग बाइपास स्थित टोल नाके में सीजी 07 पासिंग गाड़ियों को फ्री करने के लिए लड़ाई लड़ी।

जेपी नगर, फरीद नगर, खम्हरिया और हाउसिंग बोर्ड में स्वामी आत्मानंद स्कूल की स्थापना की। नेहरू नगर चौक, सुपेला चौक, और नेहरू नगर तालाब सहित 7 तालाबों का जीर्णोद्धार कराया। इस दौरान महापौर नीरज पाल ने भी मुकेश के पक्ष में अपनी बातें रखी।

कांग्रेस प्रत्याशी ने की ये 22 घोषणाएं

  1. वैशाली नगर विधानसभा में पट्टों का नवीनीकरण किया जाएगा।
  2. वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के सभी सरकारी स्कूलों को अंग्रेजी और हिंदी मीडियम स्वामी आत्मानंद स्कूल बनाया जाएगा।
  3. 500 रुपए की सब्सिडी में गैस सिलेंडर दिया जाएगा।
  4. क्षेत्र में MNC BPO (बहुराष्ट्रीय कंपनी) स्थापित करवाया जाएगा, जिससे 1000 युवाओं को रोजगार मिलेगा।
  5. हर नागरिक को शुद्ध स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति करने की व्यवस्था की जाएगी।
  6. 17.50 लाख पक्का आवास में से वैशाली नगर विधानसभा के 37 वार्डो में 20 हजार आवास स्वीकृत कराए जाएंगे।
  7. नये स्वामी आत्मानंद स्कूलों को आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम महाविद्यालय बनाया जाएगा।
  8. सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और क्रिएटर्स के लिए स्टूडियो बनाया जाएगा।
  9. सभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में फ्री Wi-Fi की सुविधा दी जाएगी।
  10. शहरी पट्टा योजना अंतर्गत सभी पात्र नागरिकों को पट्टा दिलवाया जाएगा।
  11. सी-मार्ट, यूपा, मदर्स मार्ट और गारमेंट फैक्ट्री की स्थापना की जाएगी। इससे हजारों महिलाओं को रोजगार मिलेगा।
  12. वैशाली नगर विधानसभा के सभी वार्डों के चौक-चौराहों को CCTV और सर्विलांस कैमरे से सुरक्षित किया जाएगा।
  13. चौक-चौराहों में हाई मास्ट लाईट लगवाई जाएंगी।
  14. सभी तालाबों का सौन्दर्यीकरण और मॉर्निंग वॉक के लिए पाथवे और ओपन जिम का निर्माण किया जाएगा।
  15. डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की जाएगी।
  16. लघु उद्यमियों को टैक्स फ्री व्यापार की सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा।
  17. हर वार्ड और जोन में विधायक का केंद्रीय कार्यालय खुलेगा। वहां हर दिन विधायक एक निश्चित समय पर बैठेंगे।
  18. ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
  19. सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार और सौन्दर्यीकरण किया जाएगा।
  20. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
  21. क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर चौपाटी का निर्माण किया जाएगा।
  22. किसी भी प्रकार के समस्या के लिए फोन और अन्य माध्यम से सहज उपलब्ध होकर जनता को लाभ दिया जाएगा।