सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश पड़ी भारी, निगम कमिश्नर ने FIR के दिए निर्देश
मौदहापारा नाला क्षेत्र का निरीक्षण कर निगम आयुक्त ने जताई नाराजगी, जलभराव रोकने संवेदनशील इलाकों में सफाई अभियान तेज
रायपुर। राजधानी में अतिक्रमण और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नगर निगम अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने मंगलवार को मौदहापारा स्थित कल्लू गैरेज के पास नाला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सरकारी जमीन को क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
नगर निगम जोन-2 के अधिकारियों के अनुसार हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड स्थित नाला क्षेत्र में सरकारी भूमि से छेड़छाड़ और नुकसान पहुंचाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जोन कमिश्नर संतोष पांडेय को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने तेलघानी नाका नाला, गोदड़ीवाला नगर और महात्मा गांधी वार्ड क्षेत्र के नालों की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले सभी प्रमुख और संवेदनशील नालों की गहराई तक सफाई कराई जाए, ताकि जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
आयुक्त संबित मिश्रा ने कहा कि शहर में जलनिकासी व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन क्षेत्रों में हर साल पानी भरने की समस्या सामने आती है, वहां विशेष निगरानी रखकर समय रहते सफाई कार्य पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पांडेय, जोन-2 के कार्यपालन अभियंता पीडी घृतलहरे, जोन-10 के कार्यपालन अभियंता गजाराम कवर सहित निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, सुशासन तिहार के दौरान निगम को सबसे अधिक शिकायतें अतिक्रमण और अवैध प्लाटिंग से जुड़ी मिल रही हैं। इसे देखते हुए महापौर ने भी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में बिना अनुमति किए गए सभी निर्माण अवैध माने जाएंगे और ऐसे मामलों में संबंधित जोन अधिकारी तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाना सुनिश्चित करें।
suntimes 