साहू ट्रेवल्स की बस की टक्कर से युवक की मौत, बच्चों के सामने बुझ गया घर का चिराग

घटना के बाद ग्रामीणों का चक्काजाम, बस संचालक से सीधी बातचीत की मांग पर अड़े

साहू ट्रेवल्स की बस की टक्कर से युवक की मौत, बच्चों के सामने बुझ गया घर का चिराग

पौहा और कुम्हली के बीच शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है।

पौहा–कुम्हली मार्ग पर शनिवार शाम करीब 5:15 बजे तेज रफ्तार सवारी बस की चपेट में आने से पौहा निवासी तरुण चंद्राकर (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि तरुण चंद्राकर कुम्हली सेवा सहकारी समिति से अपना कार्य निपटाकर अपने दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से पौहा होते हुए जामगांव आर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही साहू ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 05 J 0124 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में तरुण चंद्राकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों बच्चे चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की खबर मिलते ही जामगांव आर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

जब पुलिस मृतक के शव को 112 वाहन में रखने लगी, तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने बीच सड़क पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन और बस संचालक लापरवाह बने हुए हैं।

चक्काजाम की सूचना पर अतिरिक्त तहसीलदार ममता टावरी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता देने की घोषणा की गई, लेकिन ग्रामीण इस प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं हुए।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक बस संचालक मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से सीधे बातचीत नहीं करता, तब तक चक्काजाम समाप्त नहीं किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक मार्ग पर चक्काजाम जारी है और आवागमन पूरी तरह बाधित है।