अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट के लिए तैयार रायपुर, तीन दिन गूंजेगा टी-20 का रोमांच
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 16 से 20 अक्टूबर तक तीन मुकाबले, स्मृति मंधाना पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के रूप में संभालेंगी भारतीय टीम की कमान
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए नवा रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम तैयार हो रहा है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच 16, 18 और 20 अक्टूबर को तीन टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय टीम कप्तान स्मृति मंधाना के नेतृत्व में रायपुर पहुंच चुकी है। सोमवार को जिम्बाब्वे की टीम के पहुंचने के बाद दोनों टीमों की तैयारियां आगे बढ़ेंगी। आयोजन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और दर्शक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया है।
रायपुर। रायपुर में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज आयोजित की जा रही है। सभी मुकाबले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। पहला मैच 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। प्रत्येक मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा।
भारतीय महिला टीम रविवार शाम राजधानी पहुंची। टीम की कप्तान स्मृति मंधाना पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगी। शेफाली वर्मा उपकप्तान होंगी। टीम में अनुभवी खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर के अलावा ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि शामिल हैं। सोमवार को जिम्बाब्वे की टीम के पहुंचने के बाद अभ्यास सत्र आयोजित किए जाएंगे।
सीरीज के तीनों मुकाबले रायपुर में होने से स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। कम समय में तीन अंतरराष्ट्रीय मैच होने से दर्शकों को महिला क्रिकेट का रोमांच करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
व्यवस्थाओं के लिए बनाई गई समिति
मैचों के आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके बाद कलेक्टर की अध्यक्षता में स्थानीय सहयोग समिति गठित की गई। समिति में पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल किए गए हैं।
दर्शकों के प्रवेश को सुविधाजनक बनाने के लिए ऑनलाइन टिकट और ई-टिकट स्कैनिंग की व्यवस्था रहेगी। स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई उपलब्ध कराने की तैयारी है। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास दिए जाएंगे। स्टेडियम तथा पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। पेयजल और खानपान की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
आयोजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। स्टेडियम में एम्बुलेंस की तैनाती रहेगी। आपातकालीन सेवाओं और विशिष्ट व्यक्तियों की आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा अग्निशमन व्यवस्था, पानी की उपलब्धता और आपातकालीन मार्गों को लेकर भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिजली और मोबाइल नेटवर्क की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने की तैयारी है।
एनजीटी की अनुमति के बाद आयोजन का रास्ता साफ
स्टेडियम में मुकाबलों के आयोजन से पहले कानूनी प्रक्रिया भी चर्चा में रही। 2 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने अंतरिम आदेश जारी कर रायपुर सहित तीन स्टेडियमों में उसकी अनुमति के बिना आगे खेल गतिविधियां आयोजित करने पर रोक लगाई थी। इसके बाद महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन के लिए अनुमति मांगी गई। सुनवाई के बाद एनजीटी ने तीन मैचों के आयोजन के संबंध में रोक में संशोधन किया, जिससे प्रस्तावित सीरीज के आयोजन का रास्ता साफ हुआ।
प्रशासन और संबंधित विभागों का जोर अब मैचों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने, दर्शकों को सुविधाजनक प्रवेश देने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर है।
suntimes 