अगली पीढ़ी तक कारोबार की सफलता पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा
रायपुर में चेम्बर के आयोजन में ब्रांडिंग, बिजनेस विस्तार और उत्तराधिकार प्रबंधन पर विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
रायपुर। कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ उसे भविष्य के लिए तैयार करना भी जरूरी है। इसी सोच के साथ छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने रविवार को रायपुर के एक निजी होटल में ‘इंटरप्राइज टू लेगेसी’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें व्यापारियों को कारोबार की पहचान मजबूत बनाने, विस्तार की संभावनाएं तलाशने और अगली पीढ़ी को व्यवसाय सौंपने की प्रभावी योजना तैयार करने के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विक्रम लिमसे ने बिजनेस ग्रोथ और ब्रांड निर्माण पर विचार रखते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धी बाजार में सफलता के लिए बेहतर प्रबंधन, स्पष्ट रणनीति और कारोबार की विशिष्ट पहचान आवश्यक है। वहीं, सीए संजीव अग्रवाल ने उत्तराधिकार नियोजन पर चर्चा करते हुए बताया कि पारिवारिक व्यवसाय को लंबे समय तक सफल बनाए रखने के लिए अगली पीढ़ी की भूमिका और जिम्मेदारियां पहले से निर्धारित होनी चाहिए।
चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि व्यापारियों को वर्तमान मुनाफे के साथ कारोबार की दीर्घकालीन सफलता पर भी ध्यान देना चाहिए। व्यवसाय को मजबूत ब्रांड और स्थायी विरासत के रूप में विकसित करने के लिए आधुनिक सोच और सुनियोजित तैयारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि चेम्बर व्यापारियों को व्यावसायिक विकास और नए अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
व्यापारिक जगत के प्रतिनिधियों की सहभागिता
आयोजन में चेम्बर के प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, वाइस चेयरमैन चेतन तारवानी, सलाहकार तिलोकचंद बरड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, कार्यकारी महामंत्री विकास आहूजा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता, महामंत्री मनीषा तारवानी और कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल ने भी सहभागिता की।
इसके अलावा इलेक्ट्रिकल, परिवहन, मार्बल-टाइल्स, केमिस्ट, साइकिल, प्रिंटिंग, ग्लास और चाय कारोबार से जुड़े विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य व्यापारियों को विशेषज्ञों के अनुभव से परिचित कराना और कारोबार के विकास तथा भविष्य की योजना के प्रति जागरूक करना रहा।
suntimes 