आपसी रंजिश ने छीना भाई का सहारा, छोटे भाई ने बड़े को हसिया मारकर उतारा मौत के घाट
पुरानी भिलाई के पुरैना इलाके में पारिवारिक विवाद पहुंचा खूनी मोड़, आरोपी भाई और उसकी पत्नी हिरासत में
पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पुरैना में मंगलवार शाम भाई-भाई के रिश्ते को कलंकित कर देने वाली वारदात सामने आई, जहां आपसी विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई राजू निर्मलकर पर हसिया से हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
भिलाई। भाई-भाई का रिश्ता हमेशा प्यार, विश्वास और सहारे का प्रतीक माना जाता है, लेकिन पुरानी भिलाई क्षेत्र के पुरैना में आज यह रिश्ता खून से लाल हो गया। जानकारी के अनुसार, ठेका मजदूरी करने वाले राजू निर्मलकर और उसके छोटे भाई के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चल रही थी। मंगलवार को सुबह से दोनों भाइयों में लगातार बहस होती रही और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों एक-दूसरे पर चाकू लेकर हमला करने तक उतारू हो गए। मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें शांत कराया।
लेकिन शाम होते-होते विवाद फिर भड़क उठा। गुस्से में छोटे भाई ने अपनी पत्नी से हसिया मंगाया और बड़े भाई राजू पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। अचानक हुए हमले में राजू बुरी तरह घायल हो गया और उसके पैरों से तेज़ी से खून बहने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग और मृतक का साला सुखदेव सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक राजू की हालत गंभीर हो चुकी थी।
इस बीच पुलिस भी पहुंची और घायल को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने आरोपी छोटे भाई और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
उधर, मृतक के शव को सुपेला अस्पताल की मरचुरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
suntimes 