औद्योगिक प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम:लोगों को हटाने पुलिस ने भांजी लाठी, भागे लोग

दुर्ग। दुर्ग जिले के रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण को लेकर वहां के ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। पुलिस जब उनको समझाने के लिए पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। बाद में चक्का जाम हटाने के लिए पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। इसके बाद लोग वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस ने धरना प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह रसमड़ा गांव मे औद्योगिक प्रदूषण की समस्या को लेकर वहां के ग्रामीणों ने चक्का जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। चक्का जाम करने से औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले रास्ते में वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
इस धरना प्रदर्शन की अगुवाई वहां के जनपद सदस्य अजय वैष्णो, अंजोरा मंडल किसान मोर्चा अध्यक्ष नंदू निर्मलकर, चेतन साहू, बाल किशन निषाद, ग्राम सरपंच ममता भागवत साहू कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें पहले तो समझाया, लेकिन उन लोगों ने आरोप लगाया उनकी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके बाद वहां पहुंचे सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस वहां से जाने की बात कहकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद एएसपी संजय ध्रुव ने पूरी फोर्स को आदेश दिया कि जो भी विरोध करे उन्हें पीटो। पुलिस ने जैसे ही हवा में लाठियां भांजी लोग उठ-उठ कर भाग खड़े हुए।
एएसपी ने सभी नेताओं को गिरफ्तार करने के दिए निर्देश
एएसपी संजय ध्रुव ने अपने अधिकारियों को आदेश दिया कि धरना प्रदर्शन और चक्का जाम करने वाले वो सभी नेता जो आगे हैं उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए। इसके बाद पुलिस ने जनपद सदस्य अजय वैष्णो सहित 8-10 लोगों की गिरफ्तारी की। पुलिस का कहना है कि इन सभी लोगों को थाने ले जाकर बिठाया जाएगा। इसके बाद शाम को छोड़ दिया जाएगा।
नेशनल हाइवे में लगी वाहनों की लंबी कतार
दुर्ग औद्योगिक क्षेत्र के ग्रामीणों ने शुरूआत में फैक्ट्री को जाने वाले रास्ते को ब्लॉक किया था। उसके उसे बाद वहां देखते ही देखते 300 से अधिक ग्रामीण पहुंच गए। इसके बाद उन लोगों ने वहां से उठकर नेशनल हाईवे 53 को जाम करने की कोशिश की। इससे वहां लगभग आधे घंटे तक ट्रक व अन्य भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई।