किसानों को धान बेचने मिलेगी नजदीकी सुविधा, रायपुर में 21 नए खरीदी केंद्र खुलेंगे
15 नवंबर से शुरू होगा उपार्जन, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर तय; केंद्रों में कंप्यूटर, जनरेटर और ऑपरेटर की व्यवस्था की जा रही
रायपुर। धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले रायपुर जिले में उपार्जन व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में 21 नए धान खरीदी केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। प्रशासन ने 15 नवंबर से खरीदी शुरू करने की तैयारी की है।
इस वर्ष किसानों को धान का 3100 रुपए प्रति क्विंटल भाव दिया जाएगा। एक एकड़ रकबे के हिसाब से अधिकतम 21 क्विंटल धान बेचने की पात्रता निर्धारित की गई है। शासन की इस व्यवस्था के तहत किसानों को उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने के साथ खरीदी प्रक्रिया को सुचारु बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी केंद्रों पर किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहें। खरीदी के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी का लाभ वास्तविक किसानों तक ही पहुंचे। अवैध रूप से धान खपाने वाले कोचियों और बिचौलियों पर निगरानी रखकर कार्रवाई की जाएगी।
तैयारियों में तेजी, सभी केंद्रों पर प्रभारी नियुक्त
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भूपेश चन्द्रवंशी ने बताया कि 21 नए केंद्रों में से 17 के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं। इनमें से 16 केंद्रों में कंप्यूटर, प्रिंटर और स्कैनर पहुंचा दिए गए हैं। आठ केंद्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 18 केंद्रों में ऑपरेटर नियुक्त किए जा चुके हैं।
खास बात यह है कि सभी 21 प्रस्तावित केंद्रों के लिए प्रभारी भी तय कर दिए गए हैं। बाकी स्थानों पर जरूरी उपकरण और कर्मचारियों की व्यवस्था पूरी करने का काम चल रहा है। प्रशासन का दावा है कि खरीदी शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, ताकि किसानों को टोकन से लेकर धान तौल और उपार्जन तक की प्रक्रिया में परेशानी न हो।
suntimes 