चक्काजाम के बाद पेंड्रावन पहुंचे शिक्षा मंत्री, छात्रों से बोले- पढ़ाई पर दें ध्यान

शिक्षकों की कमी दूर करने के बाद स्कूल पहुंचे गजेंद्र यादव; बच्चों ने पानी और वाटर कूलर की समस्या बताई, दो दिन में व्यवस्था के निर्देश

चक्काजाम के बाद पेंड्रावन पहुंचे शिक्षा मंत्री, छात्रों से बोले- पढ़ाई पर दें ध्यान

दुर्ग-भिलाई। धमधा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर दो बार चक्काजाम कर शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाने वाले पेंड्रावन के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के विद्यार्थियों से गुरुवार को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मुलाकात की। आंदोलन समाप्त होने के दो दिन बाद स्कूल पहुंचे मंत्री ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया और स्कूल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की मांग सामने आने के बाद विभाग ने तत्काल कदम उठाए थे। इसी क्रम में स्कूल में तीन नए शिक्षकों की व्यवस्था की गई है, जबकि एक और शिक्षक की पदस्थापना जल्द की जाएगी। उन्होंने नए शिक्षकों से भी चर्चा कर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

छात्रों के साथ सेल्फी और वीडियो बनाया

स्कूल पहुंचने के बाद मंत्री ने आंदोलन में शामिल रहे विद्यार्थियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने छात्रों के साथ सेल्फी ली और वीडियो भी बनाया। वीडियो में विद्यार्थियों ने अपनी मांगों पर कार्रवाई के लिए मंत्री का आभार जताया।

मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्होंने फोन पर बातचीत करने की बात कही थी, लेकिन वे खुद बच्चों से मिलने स्कूल पहुंच गए। उन्होंने छात्रों को आंदोलन के बाद अब पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी।

400 से 500 विद्यार्थियों पर शिक्षकों की कमी

पेंड्रावन के स्कूल में करीब 400 से 500 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों का कहना था कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। उन्होंने करीब 17 शिक्षकों की मांग रखी थी। खासतौर पर आर्ट्स और कॉमर्स विषयों में शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों ने आवाज उठाई थी।

इसी मांग को लेकर छात्रों ने 21 अगस्त को पहली बार धमधा-खैरागढ़ मार्ग पर चक्काजाम किया था। इसके बाद 25 अगस्त को दोबारा प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन करीब 12 घंटे तक चला। देर रात शिक्षा मंत्री से फोन पर बातचीत और आश्वासन मिलने के बाद विद्यार्थियों ने प्रदर्शन समाप्त किया।

प्राचार्य का तबादला, तीन शिक्षक तत्काल भेजे

शिक्षा मंत्री ने बताया कि छात्रों की मांग की जानकारी मिलते ही विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। स्कूल के प्राचार्य का दूसरी जगह तबादला किया गया है और अंडा गांव से नए प्राचार्य की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही तीन शिक्षकों को तत्काल स्कूल भेजा गया है। एक अन्य शिक्षक की पदस्थापना भी जल्द की जाएगी।

मंत्री ने स्कूल का निरीक्षण कर शिक्षकों और अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों से भी स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली और अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

पानी और वाटर कूलर की समस्या भी उठी

छात्रों से बातचीत के दौरान एक छात्रा ने शिक्षकों की कमी के साथ स्कूल में पानी की समस्या भी मंत्री के सामने रखी। छात्रा ने पर्याप्त पेयजल और वाटर कूलर की व्यवस्था नहीं होने की बात कही।

इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो दिन के भीतर स्कूल में पानी और वाटर कूलर की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।

गांव के विद्यार्थियों को JEE-NEET की तैयारी का मिलेगा लाभ

मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि जिले के हायर सेकेंडरी स्कूलों में पढ़ाई को नियमित और बेहतर बनाने पर विभाग का विशेष जोर है। दुर्ग जिले के विद्यार्थियों के लिए JEE और NEET की तैयारी की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए ई-पोर्टल के माध्यम से बड़े कोचिंग संस्थानों और विशेषज्ञ फैकल्टी की मदद लेने की योजना है। विषय विशेषज्ञों के माध्यम से स्कूलों में पढ़ाई का स्तर सुधारने पर भी काम किया जाएगा।

इसी दिशा में दुर्ग जिले के हायर सेकेंडरी स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर गुरुवार शाम अधिकारियों की बैठक भी आयोजित की गई।