चप्पल में छिपा मोबाइल लेकर JEE परीक्षा में घुसा छात्र, चाल से खुली पोल

भिलाई-3 के परीक्षा केंद्र में हाईटेक नकल की कोशिश नाकाम, वॉशरूम से लौटते वक्त गार्ड की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी, FIR दर्ज

चप्पल में छिपा मोबाइल लेकर JEE परीक्षा में घुसा छात्र, चाल से खुली पोल

दुर्ग-भिलाई। भिलाई-3 स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट कॉलेज (आईओन डिजिटल जोन) में आयोजित JEE मेन्स परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी द्वारा हाईटेक तरीके से नकल करने का प्रयास सामने आया है। सतर्क सुरक्षा व्यवस्था के चलते यह प्रयास विफल हो गया और आरोपी छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्र आदित्य कुमार गुरुवार सुबह परीक्षा की पहली पाली में शामिल होने केंद्र पहुंचा। मुख्य गेट पर जांच से बचने के लिए उसने पहले ही अपनी चप्पलें उतार दीं, जिससे मेटल डिटेक्टर की जांच में वह संदिग्ध नहीं लगा। इसके बाद वह लैब क्रमांक 12ए में अपनी सीट पर बैठकर परीक्षा देने लगा।

परीक्षा के दौरान करीब 11:08 बजे उसने वॉशरूम जाने की अनुमति ली और लगभग 20 मिनट बाद वापस लौटा। लौटने पर सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी दोबारा जांच की, लेकिन इस बार भी छात्र ने चप्पलें उतारकर जांच से बचने की कोशिश की।

हालांकि, जांच के बाद जब वह चप्पल पहनकर अंदर जाने लगा, तो उसकी असामान्य चाल ने गार्ड का ध्यान खींचा। छात्र चप्पल को घसीटते हुए चल रहा था, जिससे शक गहराया। गार्ड ने तत्काल उसे रोककर चप्पलों की बारीकी से जांच की।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ—चप्पल के तलवे को काटकर उसमें मोबाइल फोन छिपाया गया था। मोबाइल पूरी तरह से अंदर फिट किया गया था, ताकि सामान्य जांच में पकड़ा न जा सके।

घटना की सूचना तुरंत परीक्षा केंद्र प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों को दी गई। इसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और छात्र को हिरासत में लेकर भिलाई-3 थाने ले गई। कॉलेज प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने मोबाइल जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जा रही है।