छत्तीसगढ़ में ठंड गायब...2 दिन और बढ़ेगा तापमान, रायपुर में 5 डिग्री चढ़ा दिन का पारा

छत्तीसगढ़ में ठंड गायब...2 दिन और बढ़ेगा तापमान, रायपुर में 5 डिग्री चढ़ा दिन का पारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। जनवरी के आखिरी हफ्ते में ही ठंड पूरी तरह से गायब हो गई। फरवरी लगते ही गर्मी सताने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी होगी। राजधानी रायपुर में शनिवार को दिन और रात तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। वहीं प्रदेश में 36 डिग्री के साथ बिलासपुर सबसे ज्यादा गर्म रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 10.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से रात के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।

राजधानी रायपुर के आउटर में भी दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को माना इलाके में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री रहा, जो औसत से 5 डिग्री अधिक है। बिलासपुर में शनिवार की सुबह से ही तपने वाली गर्मी का एहसास होने लगा। दिन का तापमान 36 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक रहा। वहीं रात का पारा भी 19.2 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से 4 डिग्री अधिक ही है।