जमीन सौदे में कथित धोखाधड़ी, कांग्रेस नेत्री रीता सिंह सहित तीन पर एफआईआर
4.50 करोड़ रुपये के भूमि लेनदेन में अनियमितता का आरोप; अदालत ने पुलिस को 15 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में करोड़ों रुपये के भूमि सौदे से जुड़े कथित धोखाधड़ी प्रकरण में कांग्रेस नेत्री एवं भिलाई नगर निगम की एमआईसी सदस्य रीता सिंह, उनके पति रमेश चंद्र सिंह और पुत्र मानवचंद सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई पाटन स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) की अदालत के निर्देश पर उतई थाना पुलिस ने की है। अदालत ने पुलिस को 15 दिनों के भीतर दर्ज एफआईआर और अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश भी दिया है।
निजी परिवाद पर अदालत ने दिए निर्देश
मामला रायपुर निवासी बीपी सिंह द्वारा दायर निजी परिवाद से जुड़ा है। शिकायत की सुनवाई के बाद अदालत ने प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला बनता पाया तथा तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज करने के निर्देश जारी किए।
25 एकड़ जमीन का सौदा 4.50 करोड़ में तय
शिकायत के अनुसार वर्ष 2024 में छांटा क्षेत्र स्थित गिट्टी खदान और उससे लगी लगभग 25 एकड़ भूमि का सौदा 4 करोड़ 50 लाख रुपये में तय किया गया था। सौदे में एक चेन मशीन और दो हाइवा वाहन भी शामिल बताए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुल भूमि में से केवल 13 एकड़ ही आरोपियों के स्वामित्व में थी, जबकि शेष भूमि दान और सरकारी लीज से संबंधित होने के बावजूद उसे भी सौदे का हिस्सा बताया गया।
चेक से किया गया करोड़ों का भुगतान
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने कुल 4 करोड़ 39 लाख रुपये चेक के माध्यम से आरोपियों को दिए। आरोप है कि 2 करोड़ 90 लाख रुपये मानवचंद सिंह, 1 करोड़ रुपये रीता सिंह तथा शेष राशि रमेश चंद्र सिंह के खाते में जमा कराई गई। इसके बावजूद केवल 7 एकड़ भूमि की रजिस्ट्री कराई गई और शेष भूमि का न तो नामांतरण कराया गया और न ही सौदे की अन्य शर्तों का पालन किया गया।
फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि दस्तावेजों की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। शिकायतकर्ता का दावा है कि जिन व्यक्तियों ने भूमि बेचने का दावा किया, वे वास्तविक भू-स्वामी नहीं थे। आरोपियों पर फर्जी इकरारनामा तथा अन्य दस्तावेज तैयार कर असली मालिकों के स्थान पर दूसरे लोगों के हस्ताक्षर कराने और गलत जानकारी के आधार पर करोड़ों रुपये का सौदा करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस करेगी दस्तावेज और लेनदेन की जांच
अदालत के आदेश के बाद उतई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान भूमि के वास्तविक स्वामित्व, दस्तावेजों की वैधता, बैंक खातों में हुए लेनदेन और सौदे से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। पुलिस को 15 दिनों के भीतर प्रकरण में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट अदालत के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी।
suntimes 